हजारीबाग: तेज बारिश के बीच हजारीबाग में एक बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार को दारू थाना क्षेत्र के पेटो के पास धनबाद से हजारीबाग आ रही रायीन बस पर अचानक सड़क किनारे खड़ा विशाल पेड़ गिर पड़ा। पेड़ के बस पर गिरते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बस धनबाद से यात्रियों को लेकर हजारीबाग की ओर आ रही थी। पेटो के पास तेज बारिश के दौरान अचानक पेड़ जड़ से उखड़ा और सीधे चलती बस पर जा गिरा।
पेड़ गिरते ही मची चीख-पुकार
पेड़ का बड़ा हिस्सा बस के ऊपर गिरने के साथ ही सड़क पर भी फैल गया। अचानक हुए इस हादसे से बस के अंदर बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो से तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
पेड़ गिरने से सड़क भी हुई बंद
विशाल पेड़ के सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।
बारिश के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े बड़े और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़े – क्या अब स्कूलों में ‘रेनी डे’ की छुट्टी बंद हो गई है ?
