Wednesday, November 25

पदमपुर मेले में अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया मेराज खान, देशी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस और लोहे का पंच बरामद

खूंटी: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में आयोजित पदमपुर जतरा मेले के दौरान हथियार लहराकर लोगों को डराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लोधमा निवासी 24 वर्षीय मेराज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से देशी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर की देर रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पदमपुर गांव में चल रहे जतरा मेले में एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और उसे लहराकर लोगों के बीच दहशत फैला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कर्रा थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सूचना का सत्यापन किया और कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी रिवाल्वर, उसमें लोड 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस, लोहे का पंच (फाइटर) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

Share.
Next Story
युवा कांग्रेस को झारखंड में मजबूत बनाने पर उदय भानु चिब और रोहित सिन्हा के बीच चर्चा, युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर
Exit mobile version