रांची: महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम की ओर से पहल की जा रही है। इसके तहत नागा बाबा सब्जी बाजार में स्थापित बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई के संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संभालेंगी। गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्माण इकाई का निरीक्षण किया और वहां चल रहे प्रशिक्षण कार्यों की जानकारी ली।
इस इकाई में 15 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मशीनों के संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं ही इकाई के संचालन, उत्पादन और विपणन की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस इकाई की उत्पादन क्षमता करीब 40 किलोग्राम प्रति घंटे है।
नगर निगम की इस पहल से महिलाओं को रोजगार का नया अवसर मिलेगा। साथ ही वे अपनी आजीविका के लिए आत्मनिर्भर बन सकेंगी। दूसरी ओर, बाजारों और आम नागरिकों के बीच पर्यावरण अनुकूल बायोडिग्रेडेबल बैग के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे प्लास्टिक के विकल्प के रूप में पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
