Wednesday, November 25

रांची। अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोकथाम लगाने और आम नागरिकों को इसके गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, रांची द्वारा एक महत्वपूर्ण जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस क्रम में, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से मोरहाबादी मैदान से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन ग्रामीण और विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक करेंगे।

जागरूकता वाहनों के माध्यम से दी जाएगी कानूनी प्रावधानों की जानकारीः

यह जागरूकता रथ जिले के दूर-दराज के इलाकों में जाकर लोगों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देगा। अभियान के दौरान नागरिकों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। इस जुर्म में 20 वर्ष तक की सजा या आजीवन कारावास के साथ-साथ भारी जुर्माने का भी प्रावधान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे थोड़े से लालच में आकर अपनी जमीन लीज या पट्टे पर न दें और इस अवैध कारोबार से दूर रहें।

गोपनीय रखी जाएगी सूचना देने वालों की पहचानः

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफीम की खेती से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा, अवैध खेती और कारोबार में संलिप्त लोगों तथा पुलिस द्वारा आरोप पत्रित व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ अवैध कमाई से अर्जित परिसंपत्तियों के विरुद्ध भी सख्त विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण और युवा पीढ़ी पर पड़ता है प्रतिकूल असरः

अभियान के तहत लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि अफीम की खेती से भूमि की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इसके साथ ही तालाब, नदी और कुएं जैसे महत्वपूर्ण जल स्रोत भी दूषित हो जाते हैं। नशीले पदार्थों के सेवन से विशेषकर युवा पीढ़ी का स्वास्थ्य खराब होता है, जिससे पूरे समाज और परिवार पर नकारात्मक असर पड़ता है। इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए एक नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित कई अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share.
Next Story
मशाल जुलूस शुरू होने से पहले ही खत्म, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से आदिवासी बचाव युवा मोर्चा के कार्यकर्ता डिटेन
Exit mobile version