रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) की मेजबानी में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 (अंडर-19 ताइक्वांडो बालक-बालिका वर्ग) के लिए देशभर से टीमों का रांची पहुंचने का सिलसिला जारी है। अब तक 30 बालक एवं 30 बालिका टीमें शहर पहुँच चुकी हैं, जबकि शेष टीमों के देर रात तक पहुँचने की संभावना है।
रांची पहुंचने वाली सभी टीमों के पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन के साथ-साथ स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की फील्ड ऑफिसर मुक्ता बब्बर के नेतृत्व में खिलाड़ियों का बायोमेट्रिक सत्यापन (अंगूठे के निशान और रेटिना स्कैन) किया जा रहा है, ताकि पारदर्शिता और पात्रता सुनिश्चित हो सके।
26 से 30 नवंबर तक खेलगांव स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में 39 राज्यों और खेल इकाइयों के कुल 701 खिलाड़ी (339 बालक एवं 362 बालिकाएं) तथा 150 कोच-मैनेजर भाग लेंगे। प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन 26 नवंबर को राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी के मुख्य आतिथ्य में होगा। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए सोरेंग ने बताया कि विभिन्न समितियों के माध्यम से प्रतिभागियों के आवासन, भोजन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
