Wednesday, November 25

-पांच जिलों में पुलिस की बड़ी कामयाबी, गिरिडीह, लोहरदगा, कोडरमा, पलामू और देवघर में चला विशेष अभियान; तकनीकी मदद से खोजे गए मोबाइल, मालिकों को सौंपे गए फोन

झारखंड। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसकी वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए झारखंड पुलिस ने बड़ी राहत दी है। राज्य के पांच जिलों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 317 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल ट्रैकिंग और भारत सरकार के CEIR पोर्टल की मदद से इन मोबाइलों का पता लगाया। बुधवार को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

गिरिडीह में सबसे बड़ी सफलता, 80 मोबाइल बरामदः

गिरिडीह पुलिस ने ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान के तहत 80 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। खास बात यह है कि वर्ष 2025 से नवंबर 2026 तक गिरिडीह पुलिस कुल 1,115 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटा चुकी है।

लोहरदगा में 13 लोगों को मिला खोया मोबाइलः

लोहरदगा पुलिस ने ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत 13 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस की तकनीकी टीम ने आधुनिक तकनीक और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए इनका पता लगाया। बरामद मोबाइल में आईफोन, वनप्लस, वीवो, रेडमी, रियलमी और मोटोरोला समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।

कोडरमा में 3.75 लाख के मोबाइल बरामदः

कोडरमा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 15 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल सत्यापन के बाद उनके मालिकों को सौंप दिए।

पलामू में 79 मोबाइल फोन मिलेः

पलामू पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सहायता से 79 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। बुधवार को सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस कर दिए गए। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

देवघर में 65 मोबाइल बरामद, नगर थाना सबसे आगेः

देवघर पुलिस ने जिले के 18 थानों के माध्यम से 65 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। थाना-वार आंकड़ों में नगर थाना आठ मोबाइल के साथ सबसे आगे रहा। बाबा मंदिर थाना से सात, देवीपुर और मधुपुर से छह-छह तथा पालाजोरी और कुंडा थाना से पांच-पांच मोबाइल बरामद किए गए। अन्य थानों से भी मोबाइल बरामद हुए हैं।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायतः

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर भी जानकारी दें। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने और उसकी तलाश करने में पुलिस को मदद मिलती है।

लालपुर पुलिस की ‘ऑपरेशन मुस्कान’ पहल: दर्जनों लोगों को वापस मिले गुम व चोरी हुए मोबाइल

 

रांची। रांची पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत लालपुर थाना पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए दर्जनों लोगों के चेहरों पर खोई हुई मुस्कान लौटा दी है। पुलिस टीम ने महीनों और वर्षों से गुम तथा चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सेल की मदद से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।

थाना परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मोबाइल धारकों को बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए गए। अपने कीमती और जरूरी डेटा वाले फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की जमकर प्रशंसा की और आभार जताया। इस अवसर पर सिटी डीएसपी और लालपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस के कई अन्य अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आम जनता की मदद के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Share.
Next Story
लातेहार के मंगरा गांव पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक रामचंद्र सिंह के बेटे के विवाह समारोह में हुए शामिल
Exit mobile version