Wednesday, November 25

द्वारपूजा की रस्म के दौरान बाराती और सराती पक्ष के बीच हुआ विवाद, अर्णव सिंह की मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम; घायल अंकित रांची रेफर

हजारीबाग : हजारीबाग में शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। शहर के उपकार होटल में आयोजित विवाह समारोह में द्वारपूजा की रस्म के दौरान बाराती और सराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतक की पहचान हुरहुरू स्थित बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक अंकित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात उपकार होटल में शादी समारोह के साथ संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बारात चतरा जिले के सिमरिया से आई थी। इसी दौरान द्वारपूजा की रस्म के समय बाराती और सराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। इसी बीच अचानक गोली चलने की घटना सामने आई। गोली लगने से अर्णव सिंह और अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां अर्णव सिंह की मौत हो गई।

घटना में गोली चलाने का आरोप बारातियों पर लगाया जा रहा है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

इधर, अर्णव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत से मां बार-बार बेसुध हो रही हैं। जिस शादी समारोह में खुशियों और उत्सव का माहौल होना चाहिए था, वहां एक युवक की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

मृतक के भाई विक्रम ने बताया कि उनके घर के पास ही शादी समारोह आयोजित किया गया था। परिवार को भी विवाह समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। इसी निमंत्रण पर उनका भाई अर्णव उपकार होटल पहुंचा था। उन्हें क्या पता था कि शादी में शामिल होने गया भाई कभी वापस नहीं लौटेगा। विक्रम ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, समाजसेवी राजकुमार सोनी ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गोलीबारी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

Share.
Next Story
धनसार में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जेवरात-नकदी के साथ स्कूटी भी ले उड़े चोर
Exit mobile version