ईरान में महिलाओं की आजादी और हिजाब को लेकर जारी बहस के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। मशहूर ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को बिना हिजाब गाना गाने के मामले में 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। इतना ही नहीं, उनके बैंड के सदस्यों को भी यही सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही पूरे समूह पर दो साल तक संगीत और कला से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने पर और देश से बहार जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है
इस मामले में परस्तू पर ऑनलाइन अश्लीलता फैलाने “इम्मॉरल” का आरोप लगाया गया। मामला दिसंबर 2024 में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उनके एक कॉन्सर्ट वीडियो से जुड़ा है।
जानिए पूरा मामला?
दरअसल, 11 दिसंबर 2024 को परस्तू अहमदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक खास कॉन्सर्ट का वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में वह बिना हिजाब पहने पारंपरिक अंदाज में देशभक्ति गीत ‘अज़ खूने जवानाने वतन’ गाती नजर आई थीं। इस गीत का अर्थ है- ‘वतन के नौजवानों के खून से’।
खास बात यह थी कि इस कार्यक्रम में कोई भी दर्शक मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में यूट्यूब पर प्रतिबंध होने के बावजूद वीडियो को महज तीन दिनों में 15 लाख से ज्यादा बार देखा गया।
वीडियो सामने आने के अगले ही दिन उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। कुछ दिनों बाद परस्तू को हिरासत में भी लिया गया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था।
जून 2026 में मिली 74 कोड़े मरने की सजा
इस मामले में जून 2026 में क़ोम शहर की क्रिमिनल कोर्ट ने परस्तू अहमदी और उनके बैंड के सदस्यों को दोषी ठहराते हुए 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। फैसले के खिलाफ अपील भी की गई, लेकिन सितंबर 2026 के आखिरी दिनों में अपीलीय अदालत ने इसे खारिज कर दिया और सजा बरकरार रखी।
रिपोर्ट के अनुसार, अब इस सजा पर अमल किए जाने की खबर सामने आई है। इसके अलावा समूह पर दो साल तक ऑडियो-विजुअल गतिविधियों, कला और संगीत से जुड़े काम करने पर रोक लगाई गई है। उन्हें देश छोड़ने की अनुमति भी नहीं होगी।
ईरान में हिजाब को लेकर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
ईरान में महिलाओं के लिए हिजाब से जुड़े सख्त नियम लंबे समय से विवादों में रहे हैं। सितंबर 2022 में 22 वर्षीय महसा अमीनी की मॉरैलिटी पुलिस की हिरासत में मौत के बाद पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इन प्रदर्शनों में महिलाओं ने सार्वजनिक रूप से हिजाब जलाकर और बाल काटकर विरोध जताया था। इसके बाद भी हिजाब नियमों के उल्लंघन को लेकर कई मामले सामने आए। साल 2025 में गायक मेहदी यराही को हिजाब विरोधी गीत के मामले में 74 कोड़ों की सजा दिए जाने की खबर आई थी। वहीं गायिका हीवा सैफ़ीज़ादे को लाइव शो के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
परस्तू अहमदी का मामला एक बार फिर इस सवाल को चर्चा में ले आया है कि ईरान में महिलाओं की व्यक्तिगत आजादी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमाएं आखिर कहां तक हैं। एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट वीडियो से शुरू हुआ यह मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
