Wednesday, November 25

जामताड़ा /रांची : साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में छापेमारी कर 10 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच नारायणपुर और पांच मिहिजाम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने मंगलवार को सबसे पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित पानी टंकी के पास छापेमारी की। यहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मिहिजाम थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की, जहां से पांच अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इस साल 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी का नतीजा है कि 1 जनवरी से 25 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 170 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने 410 मोबाइल फोन, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात बैंक पासबुक और चार लैपटॉप जब्त किए हैं। इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Next Story
70वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता: रांची में टीमों का आगमन जारी, बायोमेट्रिक सत्यापन शुरू
Exit mobile version