Wednesday, November 25

OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं होने और एडमिट कार्ड में Teacher Type की त्रुटि से परेशान हैं अभ्यर्थी, JAC से सुधार और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग

रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) में सामने आई तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज बुलंद की है। परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को डुमरी विधायक एवं JLKM अध्यक्ष टाइगर जयराम कुमार महतो से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से हस्तक्षेप कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित JTET-2026 परीक्षा में कई ऐसी त्रुटियां सामने आई हैं, जिनसे हजारों परीक्षार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सबसे बड़ी समस्या OMR शीट पर प्रश्न पुस्तिका (बुकलेट) की सीरीज अंकित नहीं होने को लेकर है। अभ्यर्थियों को आशंका है कि इस तकनीकी चूक का असर उनके मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम पर पड़ सकता है।

इसके अलावा एडमिट कार्ड में Teacher Type से जुड़ी गड़बड़ी भी अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Language Teacher की जगह Social Studies दर्ज किया गया है। अभ्यर्थियों को डर है कि समय रहते इस त्रुटि का सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के दौरान भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री और JAC से हस्तक्षेप की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक जयराम महतो से आग्रह किया कि वे इन समस्याओं को JAC के अध्यक्ष और सचिव के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएं। अभ्यर्थियों की मांग है कि OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं होने के मामले में उचित मूल्यांकन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। वहीं, एडमिट कार्ड में Teacher Type से संबंधित गलत प्रविष्टियों को सुधारने के लिए JAC आधिकारिक निर्देश जारी करे।

अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में हुई तकनीकी या प्रशासनिक गलतियों का खामियाजा परीक्षार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। इसलिए प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाना जरूरी है।

जयराम महतो ने दिया मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन

विधायक टाइगर जयराम कुमार महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि अगले दिन उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही कहा कि हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में आवश्यक पहल की जाएगी।

विधायक के इस आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों में समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने भी विधायक का आभार जताते हुए कहा कि जब तक अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक संघ उनके अधिकारों और हितों के लिए आवाज उठाता रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये अभ्यर्थी रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संतोष कुमार महतो, सुमिता मुर्मू, शुभम कुमार, कमलेश चौधरी, संतोष कुमार, शगुफ़्ता असमीन, अगस्टिन हेंब्रम, विकास कुमार, सोनी कुमारी, अनुप्रिया, हेलन डांग, अरुणोदय पाठक, रितेश कुमार महतो, रुख़्सार परवीन, राहुल कुमार समेत दर्जनों JTET अभ्यर्थी शामिल थे।

Share.
Next Story
अब एसबीयू के विद्यार्थी इंटर्नशिप के लिए सेंचुरियन यूनिवर्सिटी जा सकेंगे
Exit mobile version