रांची: झारखंड स्थापना दिवस 15 नवंबर के बजाय 28 नवंबर को मनाने की तैयारी के विरोध में आदिवासी बचाव युवा मोर्चा की ओर से प्रस्तावित मशाल जुलूस शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। जुलूस निकालने के लिए मोर्चा के सदस्य जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगीता कच्छप और राहुल तिर्की को हिरासत में ले लिया।
दरअसल, आदिवासी बचाव युवा मोर्चा ने 15 नवंबर के बजाय 28 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाने के फैसले के विरोध में मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की थी। इसे लेकर संगठन के सदस्यों में नाराजगी थी। जुलूस के जरिए अपनी आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सका।
इस घटनाक्रम के बाद स्थापना दिवस की तारीख को लेकर आदिवासी संगठनों और लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। मोर्चा के सदस्यों का विरोध 28 नवंबर को स्थापना दिवस मनाने की तैयारी को लेकर है।
