-पुलिस पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा, दो सगे भाइयों पर दो पत्नियों की हत्या का आरोप
सिमडेगा/गुमला। पारिवारिक विवाद में दो महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद दोनों महिलाओं के शव एंबुलेंस से सिमडेगा लाकर अरानी जंगल में दफनाने का आरोप उनके पतियों पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) की हत्या का आरोप उनके पति शिव शंकर साहू और नवीन साहू पर है। बताया जाता है कि दोनों भाइयों की अपनी-अपनी पत्नियों से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार, शनिवार को समझौता होने के बाद दोनों महिलाएं अपने पतियों के साथ घर लौटी थीं। सोमवार सुबह परिवार के लोगों से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों महिलाओं के मोबाइल फोन बंद हो गए। परिजनों को संदेह हुआ तो उनकी तलाश शुरू की गई।
आरोप है कि दोनों भाई अपने सात वर्षीय बच्चे को लेकर गुमला थाना पहुंचे और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिलाओं की हत्या कर शव सिमडेगा के अरानी जंगल में दफनाने की बात सामने आई। इसके बाद सिमडेगा और गुमला पुलिस ने अरानी जंगल में तलाश शुरू की। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर दोनों महिलाओं के शव बाहर निकाले गए। इस दौरान दोनों जिलों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।
घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
