पीछा कर दबोचा, पुलिस के हवाले; आरोपी से पूछताछ जारी
साहिबगंज। जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के मोती पहाड़ी गांव में शिक्षक की मोटरसाइकिल चोरी करने की कोशिश एक युवक पर भारी पड़ गई। बाइक लेकर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोती पहाड़ी गांव निवासी शिक्षक भवेश ठाकुर की मोटरसाइकिल चोरी कर एक युवक फरार होने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। संदेह होने पर लोगों ने उसका पीछा शुरू किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपी युवक को बोरियो थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही वारदात को अंजाम देने आया था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों की सतर्कता से बाइक चोरी की वारदात समय रहते विफल हो गई, जिससे शिक्षक की मोटरसाइकिल सुरक्षित बरामद हो गई।
पूरी खबर पढे :- https://www.facebook.com/share/v/1EwX6Wiez1/
