धनबाद में अवैध कोयला खनन का सिलसिला एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बरोरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कोयला चुनने के दौरान अचानक चाल धंस गई। मलबे में दबने से करीब 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह महिला समेत कई लोग जलावन के लिए कोयला चुनने या निकालने के इरादे से खुली खदान के आसपास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक खदान का एक हिस्सा धंस गया और महिला मलबे के नीचे दब गई। हादसा BCCL की एएमपी कोलियरी क्षेत्र में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि महिला केवल जलावन के लिए कोयला चुनने गई थी, जबकि अन्य के मुताबिक वहां महिला और पुरुषों का समूह अवैध खनन के लिए पहुंचा था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश की और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला बरोरा की ही रहने वाली बताई जा रही है। यह भी चर्चा है कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार, BCCL ने भी जताई अनभिज्ञता
घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि अब तक उसे कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, BCCL प्रबंधन ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
ऐसे में एक महिला की मौत के बाद भी घटना की आधिकारिक पुष्टि और जिम्मेदारी तय होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अवैध खनन और कोयला चुनने के दौरान चाल धंसने की घटनाएं एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर रही हैं।
