Monday, November 23

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड के स्थानीय उत्पाद अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। दिल्ली में आयोजित मेले के झारखंड पवेलियन में पलाश मार्ट आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां तसर सिल्क की साड़ियां, पारंपरिक डोकरा शिल्प, जीरा फूल चावल, हर्बल उत्पाद और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सामान लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। मेले में पलाश मार्ट की कुल बिक्री 30 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

पलाश मार्ट में इस बार हस्तनिर्मित साबुन, प्राकृतिक तेल, हर्बल ब्यूटी प्रोडक्ट्स, ऑर्गेनिक उत्पाद और आदिवासी कला से प्रेरित धातु के आभूषणों की विशेष रेंज प्रदर्शित की गई है। जमशेदपुर के बिशुनपुर स्थित तुरुकपुर की उद्यमी मीनू रक्षित करीब 20 तरह के हस्तनिर्मित साबुन लेकर पहुंची हैं। ये साबुन नारियल और मावा तेल से तैयार किए गए हैं। इसके अलावा उनके स्टॉल पर हल्दी, एलोवेरा, नीम और तुलसी से बने बॉडी ऑयल और क्रीम भी उपलब्ध हैं। शहद के छत्ते और चुकंदर पाउडर से तैयार लिप बाम भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

मीनू के अनुसार, उनके उत्पादों में केमिकल एडिटिव्स का इस्तेमाल नहीं किया जाता। फूलों और पत्तियों से प्राकृतिक खुशबू तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि IITF के पिछले आयोजनों में उनके उत्पाद खरीदने वाले कई ग्राहक इस बार भी खरीदारी के लिए लौटे हैं।

तसर सिल्क की साड़ियों और डोकरा कला की खास मांग

झारखंड की पारंपरिक तसर सिल्क साड़ियां और सूट भी मेले में लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इनके पारंपरिक बुनावट, आकर्षक डिजाइन और रंगों की विविधता को आगंतुक पसंद कर रहे हैं। यह प्रदर्शनी राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा और स्थानीय कारीगरों की कला को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर दे रही है।

वहीं, झारखंड का विशिष्ट जीरा फूल चावल भी खरीदारों की रुचि का केंद्र बना हुआ है। अपनी खास सुगंध और स्वाद के लिए पहचाने जाने वाले इस पारंपरिक चावल की मांग राज्य से बाहर भी बढ़ रही है। इसके अलावा करीब 4500 साल पुरानी परंपरा से जुड़ी डोकरा कला के उत्पाद भी लोगों को लुभा रहे हैं। इस पारंपरिक धातु शिल्प के तहत कारीगर देवी-देवताओं की मूर्तियां, सजावटी सामान और उपयोगी वस्तुएं तैयार कर रहे हैं। झारखंड की डोकरा कला को जीआई टैग भी प्राप्त है।

पलाश मार्ट की बिक्री 30 लाख रुपये तक पहुंची

पलाश मार्ट के राज्य समन्वयक मुकेश सचिन ने बताया कि IITF-2026 में मार्ट की कुल बिक्री 30 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। मेले में लगातार अच्छी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और झारखंड के उत्पादों के प्रति उनमें खास उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को मिल रही यह सराहना उनके परिश्रम और हुनर को नई पहचान दे रही है।

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के सहयोग से पलाश ब्रांड ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को एक साझा पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध करा रहा है। IITF जैसे बड़े मंच पर भागीदारी से महिला उद्यमियों को नए ग्राहकों तक पहुंचने, अपने ब्रांड को मजबूत करने और स्थानीय बाजार से बाहर कारोबार बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं।

Share.
Next Story
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और संजय सेठ ने खिलाड़ियों से की मुलाकात, फैटी लीवर अभियान को भी दिखाई हरी झंडी
Exit mobile version