कोयले के अवैध कारोबार और भंडारण के खिलाफ CISF ने अलग-अलग कोयला क्षेत्रों में कार्रवाई तेज कर दी है। आधुनिक तकनीक और जमीनी निगरानी के जरिए चलाए जा रहे अभियान में तापिन नॉर्थ के 23 नंबर इलाके से करीब 400 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। वहीं, CCL के एनके क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 3.05 टन कोयला बरामद किया गया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 403.05 टन कोयला जब्त किया गया है। जब्त कोयले को CCL प्रबंधन के सुपुर्द किया जा रहा है।
तापिन नॉर्थ में अवैध कोयले का बड़ा भंडार ड्रोन सर्विलांस के दौरान पकड़ में आया। खनन क्षेत्र के आसपास खुले स्थानों पर भारी मात्रा में कोयला जमा होने की जानकारी मिलने के बाद CISF की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया के नेतृत्व में 45 जवानों की टीम ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया और जब्ती अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान करीब 500 टन कोयला जमा होने का आकलन किया गया, जिसमें समाचार लिखे जाने तक 400 टन कोयला जब्त किया जा चुका था।
जब्त कोयले को CCL चरही प्रबंधन को सौंपा गया। CCL की निर्धारित दर 2,597 रुपये प्रति टन के हिसाब से अब तक जब्त कोयले की कीमत 10 लाख 38 हजार 800 रुपये आंकी गई है। कोयले की लोडिंग और ढुलाई के लिए CCL प्रबंधन ने पेलोडर और हाइवा उपलब्ध कराया। महाप्रबंधक कल्याण जी प्रसाद के मार्गदर्शन में एएसओ (वर्तमान प्रभार) राजकुमार, CCL निरीक्षक विमल कुमार और सुरक्षा विभाग के करीब 10 महिला एवं पुरुष सुरक्षाकर्मी भी अभियान में शामिल रहे।
एनके क्षेत्र में दो ठिकानों पर छापेमारी, 3.05 टन कोयला जब्त
इधर, CCL के एनके क्षेत्र में भी CISF ने अवैध कोयला निकासी और भंडारण के खिलाफ दो जगहों पर कार्रवाई की। 23 नवंबर को कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में CISF की ‘अ’ समवाय की टीम ने यह अभियान चलाया। पहली कार्रवाई पिपरवार के किचटो-बिलारी रोड स्थित पुलिया के पास हुई, जहां सुबह करीब 6:40 बजे निगरानी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखा गया कोयला मिला। टीम ने मौके पर पहुंचकर 1.70 टन कोयला जब्त किया। वजन कराने के बाद इसे RCC क्षेत्र के कोल डंप में जमा करा दिया गया।
दूसरी कार्रवाई KDH क्षेत्र के भूतनगर बस्ती के समीप की गई। यहां इंजन साइड पिट ड्यूटी स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर रेलवे रैक से उतारे गए कोयले के भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक छापेमारी की गई। इस दौरान 1.35 टन कोयला जब्त हुआ। CCL के निर्धारित 1,130 रुपये प्रति टन की दर से इसकी कीमत 1,525.50 रुपये आंकी गई। जब्त कोयले को KDH कोल डंप में जमा करा दिया गया।
अवैध भंडारण पर नजर रखने के लिए ड्रोन और जमीनी निगरानी
दोनों कार्रवाइयों में CISF और CCL प्रबंधन के बीच समन्वय देखने को मिला। तापिन नॉर्थ में ड्रोन के जरिए संदिग्ध भंडारण स्थल की पहचान की गई, जबकि एनके क्षेत्र में नियमित गश्त और सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। CISF कमांडेंट अमित कुमार ने कोयले की अवैध निकासी और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे मामलों में निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
