Monday, November 23

पिपरवार। CCL के एनके क्षेत्र में अवैध कोयले का भंडारण करने वालों के खिलाफ CISF ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 3.05 टन कोयला जब्त किया। पहली कार्रवाई में किचटो-बिलारी रोड पर पुलिया के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 1.70 टन कोयला मिला, जबकि दूसरी कार्रवाई में KDH क्षेत्र के भूतनगर बस्ती के समीप से 1.35 टन कोयला बरामद किया गया। दोनों जगहों से जब्त कोयले को वजन कराने के बाद CCL प्रबंधन के हवाले कर दिया गया।

यह कार्रवाई 23 नवंबर को CISF कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में CISF की ‘अ’ समवाय की टीम के साथ कोल रेड पार्टी और CIW के आसूचना बल के सदस्य शामिल थे। निरीक्षक रश्मि, आर.के. सिंह और एस.के. साह ने भी कार्रवाई में भूमिका निभाई।

झाड़ियों में छिपाकर रखा था 1.70 टन कोयला

पहली कार्रवाई पिपरवार के किचटो-बिलारी रोड स्थित पुलिया के पास हुई। सुबह करीब 6:40 बजे क्षेत्र भ्रमण और निगरानी के दौरान समवाय प्रभारी एवं QRT की टीम की नजर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए कोयले पर पड़ी। सूचना मिलते ही डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में कोल रेड पार्टी और CIW के आसूचना बल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद वहां से 1.70 टन कोयला जब्त किया गया। CCL के कांटा घर संख्या 1/2 में वजन कराने के बाद कोयले को RCC क्षेत्र के कोल डंप में जमा करा दिया गया।

रेलवे रैक से उतारे गए कोयले पर भी कार्रवाई

दूसरी छापेमारी KDH क्षेत्र के भूतनगर बस्ती के पास की गई। यहां ‘अ’ समवाय के इंजन साइड पिट ड्यूटी स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर रेलवे रैक से उतारे गए कोयले की सूचना मिली थी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अभियान चलाया गया। कंपनी कमांडर की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में 1.35 टन कोयला जब्त किया गया। KDH के कांटा संख्या 05 पर वजन कराने के बाद CCL प्रबंधन की निर्धारित दर 1,130 रुपये प्रति टन के हिसाब से इसकी कीमत 1,525.50 रुपये आंकी गई। जब्त कोयले को KDH कोल डंप में जमा करा दिया गया।

CISF कमांडेंट अमित कुमार ने एनके क्षेत्र में अवैध कोयला निकासी और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसी के तहत डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में CISF की टीम क्षेत्र में निगरानी और छापेमारी कर रही है।

Share.
Next Story
धनबाद में सरकारी जमीन की नापी तेज, 150 घर चिह्नित; जल्द मिलेगा नोटिस
Exit mobile version