Monday, November 23

रांची। झारखंड की पारंपरिक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत हुई इन प्रतियोगिताओं में करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और रांची के बालक-बालिकाओं ने तीरंदाजी, गुलेल, सिकोरा, भारा दौड़, मटका दौड़, फुटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी जैसी खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।

कार्यक्रम का उद्घाटन रांची के उप विकास आयुक्त संजय भगत ने किया। इस दौरान अनुमंडलीय पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, खेल निदेशालय के उपनिदेशक निर्भय कुमार, उपसचिव जयप्रकाश करमाली समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। इसके बाद पारंपरिक खेलों में भी हाथ आजमाया। अतिथियों ने तीरंदाजी और गुलेल चलाई, जबकि गेड़ी दौड़, मटका दौड़, भारा दौड़ और फुटबॉल प्रतियोगिता का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रमंडल का प्रतिनिधित्व

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। भारा दौड़ के बालिका वर्ग में खूंटी की अशिमा होरो, लोहरदगा की आराधना लकड़ा और गुमला की सोनिका कुमारी ने स्थान बनाया। बालक वर्ग में रांची के श्याम उरांव, गुमला के सुशील उरांव और खूंटी के तरुण कश्यप चयनित हुए।

मटका दौड़ के बालक वर्ग में खूंटी के तरुण कश्यप और नमित नागिन ने जगह बनाई। वहीं, बालिका वर्ग में खूंटी की सूमी हस्सा, गुमला की संगीता कुमारी और सिमडेगा की महिमा लकड़ा चयनित हुईं।

गुलेल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में गुमला के हेमंत कुमार, लोहरदगा के जुगेन्दर उरांव और बसंत उरांव ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने पर जोर

इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि पारंपरिक खेल झारखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन वरीय प्रशिक्षक अजय झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला खेल समन्वयक आशीष बनर्जी ने किया। मौके पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. निशिकांत पाठक, उत्तम राज, संजय कुमार, संजय ठाकुर, जयश्री, विजय बर्मन सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
रांची में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आगाज, 5 जिलों के 200 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
Exit mobile version