Monday, November 23

-लेवी नहीं मिलने पर दोबारा घटना को अंजाम देने जा रहे थे अपराधी, वैगनआर कार से देशी कट्टा, तीन गोलियां, मोबाइल और सिम बरामद

रांची। खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में आठ नवंबर को कोयला लदे हाइवा में आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एसआइटी ने मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी, कलीम अंसारी और मो. मोजम्मील शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल हुई मारुति सुजुकी वैगनआर कार (जेएच01जीके-1745), तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआइटी ने गुप्त सूचना के आधार पर 22 नवंबर को बलथरवा इलाके में वाहन जांच के दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध वैगनआर को रोका। पूछताछ में तीन आरोपियों ने हाइवा में आग लगाने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण वे दोबारा घटना को अंजाम देने खलारी जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर चौथे आरोपी मो. मोजम्मील को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, मोजम्मील पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची। उसने कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार के वाहन और घर की रेकी भी करायी थी। इसके बाद सहयोगियों के साथ मिलकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार हसन अंसारी का ओडिशा के रेंगाली थाना क्षेत्र के बैंक डकैती मामले में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

Share.
Next Story
बोकारो में क्वार्टर से ASI का शव बरामद, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
Exit mobile version