रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के संकल्प पर भाजपा ने सवाल उठाये हैं। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि मुख्यमंत्री को 2050 के सपने दिखाने से पहले 2026 के झारखंड का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि विकसित झारखंड बनाने के लिए सरकार के पास ठोस रोडमैप क्या है?
प्रतुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, उद्योग और आधुनिक बुनियादी ढांचे को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके विपरीत हेमंत सरकार को बताना चाहिए कि अगले पांच वर्षों में कितने युवाओं को रोजगार मिलेगा और सरकारी विभागों के रिक्त पद कब भरे जायेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में युवा रोजगार संकट से जूझ रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में हैं तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। प्रतुल ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधनों और मेहनती युवाओं वाला राज्य है। इन संभावनाओं को विकास में बदलने के लिए स्पष्ट नीति, दूरदर्शी नेतृत्व और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। बिना नियोजन और जवाबदेही के झारखंड को नंबर वन बनाने का दावा महज राजनीतिक जुमलेबाजी है।
