रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पूर्वी सिंहभूम जिले के घोड़ाबांधा स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे। नेताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे बड़ा होता है। उम्र कितनी भी हो जाए, मां का सिर पर हाथ होना संबल देता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन और मधु कोड़ा सहित केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और रवींद्र कुमार राय समेत कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा और मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने अर्जुन मुंडा और उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
