-भुवनेश्वर में कल से शुरू हो रहा अंतरराष्ट्रीय महाकुंभ, गिरीश मिश्रा व अनवर हुसैन को मिली तकनीकी पदाधिकारी की जिम्मेदारी
रांची। अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर एक बार फिर झारखंड ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बिम्सटेक (BIMSTEC) अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सीडी सिंह को भारतीय एथलेटिक्स टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही राज्य के दो अनुभवी अंतरराष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारियों, गिरीश मिश्रा और अनवर हुसैन को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु तकनीकी पदाधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) और ओडिशा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में मेजबान भारत के अलावा म्यांमार, श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान और नेपाल सहित कुल छह देशों के 201 चुनिंदा एथलीट अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। एक ही राज्य से तीन पदाधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप में अहम भूमिका मिलना झारखंड खेल जगत के लिए गौरव का विषय है।
इस बड़ी उपलब्धि पर राज्य के खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। एएफआई की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव एसके पांडे, जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) उमेश लोहरा, रवींद्र मुर्मू, आशीष झा, प्रभाकर वर्मा, सिकंदर महतो, रणवीर सिंह, आलोक मिश्रा, अजय नायक, बंधन टोप्पो, शैलेश कुमार, प्रभात रंजन तिवारी, गंगाधर प्रसाद, अजीत कुमार, राकेश सिंह, माधव चंद्र घोष, आशु भाटिया, अरविंद कुमार, आलोक सिंह, अनुभा खाखा, पुनीत कुमार और शशांक भूषण सिंह ने तीनों पदाधिकारियों को बधाई दी है। इनके अलावा कोच विनोद सिंह, योगेश यादव, राघवेंद्र कुमार, आलोक कुमार, अशोक महतो, नरेश कुजूर, कमरुद्दीन और उदय कुमार ने भी शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में भारतीय दल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।
