Tuesday, November 24

सरायकेला-खरसावां। चांडिल से मुरी के बीच रेल सफर और माल ढुलाई को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण को मंजूरी मिल गई है। करीब 59.49 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड के विस्तार पर 897.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने से रेल लाइन की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के परिचालन में होने वाली दिक्कतें कम होने की उम्मीद है।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (गति शक्ति/सिविल-I) दीपक सिंह ने दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर परियोजना के लिए राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी है। इसके साथ ही रेल मंत्रालय के वित्त निदेशालय से भी परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। अब इसके क्रियान्वयन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

दरअसल, चांडिल-मुरी रेलखंड पर कई जगह सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ता है। एक ही लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण कई बार संचालन को व्यवस्थित करने में चुनौती आती है। ऐसे में दोहरीकरण के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। साथ ही यात्री ट्रेनों के अलावा मालगाड़ियों के परिचालन की क्षमता भी बढ़ेगी।

इस परियोजना का लाभ चांडिल, ईचागढ़, नीमडीह और आसपास के इलाकों को मिलने की संभावना है। लंबे समय से क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठती रही है। दोहरीकरण से न केवल रेल यातायात को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था बेहतर होने की भी उम्मीद है।

Share.
Next Story
पंजाब की सियासत में बड़ा उलटफेर: 6 साल बाद फिर साथ आएंगे अकाली दल और भाजपा
Exit mobile version