Tuesday, November 24

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के भरनो प्रखंड अंतर्गत डुड़िया गांव के रहने वाले आकाश नाथ कर ने मध्य प्रदेश विधानसभा में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए सदन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर अपने विचार रखते हुए देश में बेरोजगारी, शिक्षा की गुणवत्ता, कौशल विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

वर्तमान में आकाश नाथ कर भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में विज्ञापन एवं जनसंपर्क (MA Advertising and Public Relations) विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।

सदन में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए आकाश ने सवाल उठाया कि यदि वर्ष 2047 तक भारत विकसित देश बन जाता है, लेकिन देश का युवा बेरोजगार रह जाता है, तो क्या ऐसे भारत को वास्तव में विकसित भारत कहा जा सकता है? उन्होंने कठोपनिषद् के मंत्र ‘उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत’ का उल्लेख करते हुए युवाओं को जागरूक बनाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

आकाश ने अपने भाषण में देश की युवा आबादी को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि देश की लगभग 41 प्रतिशत आबादी 25 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में भारत के पास डेमोग्राफिक डिविडेंड का लाभ उठाने का ऐतिहासिक अवसर है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल युवा आबादी होने से देश विकसित नहीं बन सकता। इसके लिए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने होंगे।

उन्होंने शिक्षा पर GDP के खर्च, उच्च शिक्षा में नामांकन अनुपात, ITI संस्थानों में पुराने उपकरणों और प्रशिक्षकों की कमी तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में रोजगार की सीमित हिस्सेदारी जैसे विषयों का उल्लेख किया। साथ ही सरकार के सामने तीन प्रमुख सवाल रखे। उन्होंने पूछा कि युवाओं को डिग्री के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की जवाबदेही किसकी होगी? आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों के दौर में युवाओं को भविष्य के रोजगार के लिए किस तरह तैयार किया जा रहा है? इसके अलावा उन्होंने VB-G RAM G योजना में राज्यों पर 40 प्रतिशत वित्तीय हिस्सेदारी की जिम्मेदारी को लेकर झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे सीमित संसाधनों वाले राज्यों की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाया।

अपने संबोधन में आकाश ने ग्रामीण और आदिवासी बहुल राज्यों में प्राथमिक शिक्षा की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने विशेष रूप से झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का अधिकार लागू होने के वर्षों बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियां बनी हुई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष विकास का विरोध नहीं करता, बल्कि सरकार से उसके वादों, बजट और जमीनी परिणामों का जवाब मांगता है। भाषण के समापन पर उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य देखना है तो युवाओं की आंखों में देखना होगा, क्योंकि 2047 का विकसित भारत उन्हीं के सपनों में बसता है।

गुमला जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर भोपाल में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे आकाश का मध्य प्रदेश विधानसभा के सदन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए युवाओं के मुद्दों को उठाना राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं और राष्ट्रीय मंचों पर उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

Share.
Next Story
झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, संथाल महिलाओं को पैतृक संपत्ति में मिलेगा बेटी होने का अधिकार
Exit mobile version