शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक विरोध के दौरान हुए थे लापता, सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगी हैं चोटें
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक के विरोध के दौरान लापता हुए कंपनी के जीएम के निजी चालक अखिलेश पाल को पुलिस ने करीब 24 घंटे बाद जंगल से बरामद कर लिया। वह घटनास्थल के पास जंगल में घायल अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि पूरी रात जंगल में रहने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और रेंगते हुए सड़क तक पहुंचने का प्रयास किया।
दरअसल, कोल ब्लॉक के विरोध के दौरान हुई हिंसक घटना के बाद से अखिलेश पाल का कोई पता नहीं चल रहा था। उनकी तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार जुटी हुई थीं। इसी दौरान घटनास्थल के समीप जंगल में उनकी मौजूदगी की जानकारी मिली। जब पुलिस ने उन्हें बरामद किया, तो उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें थीं। उनके कपड़े खून और मिट्टी से सने हुए थे।
पुलिस ने तत्काल उन्हें शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दुमका सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अखिलेश के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
