-मंत्री इरफान अंसारी के बयानों पर गरमाई सियासत
-मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी साधा निशाना, बोले- उनके दिमाग में लगी भाजपा की चिप का ऑपरेशन करूंगा
रांची। झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सत्र के दौरान उन्होंने एमएमडीआर और एसआइआर की प्रक्रियाओं को लेकर तीखा हमला बोला और इसे देश के लिए “जहर” करार दिया।
मंत्री ने कहा कि इन प्रक्रियाओं का असर आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इसका प्रभाव केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश में फैलकर नुकसान पहुंचाएगा। पड़ोसी राज्यों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की नीतियां अपनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वहां की जनता ने इसका कड़ा जवाब दिया और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की राजनीति का जवाब जनता खुद देगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर तंज
अपने संबोधन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को झारखंड लाया जाएगा और उनके दिमाग में कथित तौर पर भाजपा की चिप लगी हुई है, जिसका ऑपरेशन वे खुद करेंगे। मंत्री के इस तीखे बयान के बाद सदन की कार्यवाही के दौरान राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है, जो अब राज्यभर में चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है। इस बयान के बाद सत्ता और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और अधिक तीखी होने की संभावना जताई जा रही है।
