टंडवा के आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के जंगल में बुधवार तड़के हुई मुठभेड़, आम्रपाली AVS और चौपारण होटल गोलीकांड में शामिल होने का आरोप; घायल अपराधी को हजारीबाग रेफर किया गया।
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बुधवार तड़के टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का कथित मुख्य शूटर आनंद कुमार गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
आम्रपाली परियोजना के जंगल में हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, बुधवार अहले सुबह करीब 3 बजे से 4:30 बजे के बीच टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली परियोजना अंतर्गत होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते पर जंगल में पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आनंद कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी।
आम्रपाली AVS और चौपारण गोलीकांड में शामिल होने का आरोप
घायल अपराधी की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। वह चतरा सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आनंद कुमार राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य और शूटर है। उस पर आम्रपाली AVS कंपनी के कार्यालय में हुई गोलीबारी और हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर हुए गोलीकांड में शामिल होने का आरोप है।
मौके से हथियार और खोखे बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान एक लोडेड हथियार के साथ तीन जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। घायल आनंद कुमार को तत्काल चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया गया।
राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों के भीतर राहुल दुबे गैंग के खिलाफ चतरा पुलिस की यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ की कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले अगस्त महीने में बसरिया के जंगल में भी पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अपराधी घायल हुआ था।
इस ताजा मुठभेड़ के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
