Wednesday, November 25

मोरहाबादी मैदान से डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने वाहनों को दिखाई हरी झंडी, एक महीने तक ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में चलेगा अभियान; बुंडू और तमाड़ पर विशेष फोकस।

रांची: जिले में अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने आठ प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन अगले एक महीने तक जिले के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में घूमकर लोगों को अफीम की खेती से होने वाले नुकसान और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे।

प्रशासन का विशेष ध्यान बुंडू और तमाड़ जैसे उन इलाकों पर रहेगा, जहां अफीम की अवैध खेती की समस्या को लेकर अभियान चलाया जाएगा। प्रचार वाहनों के अलावा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा, ताकि लोग इस अवैध गतिविधि के दुष्परिणामों को समझ सकें और इससे दूर रहें।

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू हुआ अभियान

मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ यह पहल की गई है। आठ प्रचार वाहन लगातार एक महीने तक अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जागरूकता फैलाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य रांची जिले से अफीम की खेती को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की।

अफीम की खेती रोकने के लिए पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध

वहीं, एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि झारखंड को अफीम की अवैध खेती से मुक्त करना पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है। इसके लिए ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों तक जागरूकता अभियान पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रांची जिले में कहीं भी अफीम की अवैध खेती नहीं होने देने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share.
Next Story
झारखंड विधानसभा का विशेष सत्रः एमएमडीआर और एसआइआर देश के लिए जहर
Exit mobile version