राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह गैंग पर पुलिस का सीधा प्रहार… रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने की तैयारी, रांची से धनबाद और चतरा तक अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन मोड
रांची। झारखंड में अब अपराध की दुनिया में बंदूक के दम पर बादशाहत कायम करने वालों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कारोबारियों से रंगदारी, सुपारी लेकर हत्या, कोयला कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार के जरिए दहशत फैलाने वाले संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ झारखंड पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस की रणनीति अब सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं दिख रही, बल्कि उनके नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है।
आंकड़े इस कार्रवाई की तीव्रता बयां कर रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 11 जनवरी 2025 से 24 नवंबर 2026 के बीच राज्य में करीब 30 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इन घटनाओं में तीन कुख्यात अपराधियों की मौत हुई, जबकि 36 से अधिक अपराधी घायल हुए। पुलिस की कार्रवाई का दायरा रांची, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, जमशेदपुर, पलामू और चतरा तक फैला हुआ है। खास तौर पर राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह जैसे गिरोह पुलिस के निशाने पर हैं।
राहुल दुबे गैंग को लगातार झटके, हजारीबाग से टंडवा तक गोलियों की गूंज
झारखंड में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। गिरोह पर रंगदारी, फायरिंग और कारोबारियों को धमकाने जैसी वारदातों में संलिप्तता के आरोप हैं। हाल के दिनों में हजारीबाग और चतरा में पुलिस के साथ गिरोह के सदस्यों की मुठभेड़ हुई।
हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांटोखुर्द के पास रेबर गांव के चरेवा टांड में 23 नवंबर को हुई मुठभेड़ में गिरोह के दो सक्रिय सदस्य घायल हुए। वहीं, 25 नवंबर की अहले सुबह चतरा के टंडवा में पुलिस और गिरोह के सदस्यों के बीच फिर भिड़ंत हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ।
इससे पहले 30 अक्टूबर को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सीठियो रिंग रोड के पास राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसमें सौरव कुमार घायल हुआ था और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से तीन पिस्टल, एक स्विफ्ट कार और एक पल्सर बाइक बरामद हुई थी।
प्रिंस खान का नेटवर्क भी पुलिस के रडार पर, धनबाद में सबसे ज्यादा हलचल
धनबाद के कोयलांचल में प्रिंस खान गिरोह का नाम रंगदारी और कारोबारियों को धमकी देने के मामलों में लगातार सामने आता रहा है। विदेश में बैठकर गिरोह संचालित करने और स्थानीय गुर्गों के जरिए आपराधिक गतिविधियां चलाने के आरोपों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी की है।
17 अगस्त को निरंकारी चौक और कुरमडी चौक के बीच पुलिस की मुठभेड़ में गिरोह के कथित सदस्य इरफान आलम और नन्हे अंसारी घायल हुए थे। 16 सितंबर को निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास मुठभेड़ में कथित शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गोली लगी। 24 सितंबर को ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र के भूली मोड़ पर फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए और चार गिरफ्तार किए गए।
धनबाद में 14 अक्टूबर 2025 से 14 अक्टूबर 2026 के बीच आठ मुठभेड़ों की जानकारी सामने आई है। यह आंकड़ा बताता है कि कोयलांचल में संगठित अपराध पुलिस के लिए कितनी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
राहुल सिंह गैंग को भी चेतावनी, राजधानी में हुई मुठभेड़
रांची में भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। 27 अक्टूबर को विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसमें शाहिद नामक आरोपी घायल हुआ, जबकि दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
राजधानी में एक के बाद एक हुई कार्रवाई ने यह संकेत दिया है कि पुलिस अब केवल वारदात के बाद जांच करने के बजाय अपराध की आशंका पर भी कार्रवाई कर रही है।
अमन साहू से सुजीत सिन्हा तक, गैंगस्टर नेटवर्क को लगा बड़ा झटका
झारखंड के संगठित अपराध की दुनिया में अमन साहू का नाम लंबे समय तक चर्चा में रहा। उस पर रंगदारी, धमकी और आपराधिक गिरोह संचालित करने के आरोप थे। 11 मार्च 2025 को रायपुर से झारखंड लाने के दौरान पलामू में पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद 3 अगस्त 2026 को जामताड़ा में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई। ये दोनों घटनाएं राज्य के संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ियां हैं। हालांकि, किसी एक बड़े अपराधी के मारे जाने से पूरा नेटवर्क खत्म नहीं होता। उसके सहयोगियों, फाइनेंसरों और स्थानीय संपर्कों तक पहुंचना पुलिस के लिए असली चुनौती है।
जमशेदपुर से रामगढ़ तक एक्शन, शूटरों और रंगदारों पर शिकंजा
जमशेदपुर में 2026 के दौरान चार मुठभेड़ों की घटनाएं सामने आईं। 7 अक्टूबर को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में फायरिंग के मामले में कथित मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे।
रामगढ़ के भुरकुंडा में 6 अप्रैल को राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य सन्नी सिंह को घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। वहीं, 6 जुलाई को रिवर साइड स्थित सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में मुठभेड़ के दौरान प्रिंस खान गिरोह का कथित शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
सवाल सिर्फ मुठभेड़ों का नहीं, अपराध के पूरे साम्राज्य को खत्म करने का है
झारखंड पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों के बाद अपराध का नेटवर्क दोबारा खड़ा न हो। रंगदारी की रकम किस तक पहुंचती है? गिरोहों को हथियार कौन उपलब्ध कराता है? जेल और राज्य से बाहर बैठे सरगनाओं का स्थानीय नेटवर्क कैसे काम करता है? इन सवालों के जवाब तलाशना जरूरी है।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों पर दबाव जरूर बढ़ा है, लेकिन असली सफलता तब मानी जाएगी, जब कारोबारियों को रंगदारी की धमकी मिलनी बंद हो, कोयला क्षेत्रों में गैंगवार थमे और सुपारी लेकर हत्या करने वाले नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हों।
अब झारखंड पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ अपराधियों को पकड़ने की नहीं, बल्कि रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार के पूरे साम्राज्य को खत्म करने की है।
