Wednesday, November 25
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बोले- ड्राफ्ट सूची से 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाये गये, सर्वदलीय चर्चा के बाद तैयार हो सरल और पारदर्शी एसओपी

झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा सदन में छाया रहा. राज्य सरकार ने मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाकर नये सिरे से एसआईआर कराने की मांग उठायी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से पेश किये जाने वाले राजकीय संकल्प में वर्तमान प्रक्रिया की खामियों को दूर कर सरल, पारदर्शी और सर्वमान्य व्यवस्था के तहत पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव है.

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में एसआईआर पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची से 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम बाहर कर दिये गये हैं. सरकार को आशंका है कि मौजूदा प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में वैध मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं. राज्य सरकार ने एसआईआर कराने पर सैद्धांतिक सहमति जतायी है, लेकिन दस्तावेजों की जटिलता, तकनीकी खामियों और प्रक्रियागत परेशानियों पर सवाल उठाये हैं.

सरकार का प्रस्ताव है कि सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा कर एसआईआर के लिए सरल और पारदर्शी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाये. सदन से सहमति मिलने के बाद राजकीय संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जायेगा.

अध्यक्ष से उलझे बाबूलाल मरांडी

सदन की कार्यवाही सुबह 11.15 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुरू की. संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कार्यसूची पढ़ी. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अध्यक्ष के संबोधन के बाद अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर उनकी अध्यक्ष के साथ हल्की नोकझोंक हुई.

सदन के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

विशेष सत्र शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. हाथों में तख्तियां लेकर विधायकों ने नारेबाजी की. भाजपा ने जेपीएससी, युवाओं को रोजगार और राज्य की विधि व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा. सत्र के दौरान इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं.

Share.
Next Story
जमशेदपुर में जमीन विवाद में दो बेटों ने की 80 वर्षीय मां की हत्या, शव जलाने का भी किया प्रयास; दोनों गिरफ्तार
Exit mobile version