Tuesday, November 24

बेटा नहीं होने पर पिता की संपत्ति से बेटी को नहीं किया जा सकता वंचित, घरजमाई प्रथा की शर्त भी नहीं होगी अनिवार्य

झारखंड: झारखंड में संथाल आदिवासी समुदाय की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के बेटा नहीं होने की स्थिति में उसकी बेटी को पिता की पैतृक संपत्ति में उत्तराधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। इसके लिए यह शर्त भी नहीं रखी जा सकती कि बेटी की शादी घरजमाई प्रथा के तहत हुई हो। चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने करीब चार दशक पुराने जामताड़ा के जमीन विवाद में अपील खारिज करते हुए बेटी के पक्ष में निचली अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव की पैतृक जमीन से जुड़ा है। वर्ष 1985 में मूल वादी ने अपने पिता की संपत्ति पर मालिकाना हक और कब्जे की मांग करते हुए टाइटल सूट संख्या 45/1985 दायर किया था। वर्ष 1996 में निचली अदालत ने उन्हें संपत्ति में एक-तिहाई हिस्सा देने का आदेश दिया।

इस फैसले को चुनौती देते हुए अपील दायर की गई। प्रथम अपीलीय अदालत ने 4 मार्च 2006 को निचली अदालत के आदेश में बदलाव करते हुए बेटी के पक्ष में पूरी संपत्ति पर अधिकार को मान्यता दी। इसके बाद प्रतिवादियों ने इस फैसले को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी।

घरजमाई प्रथा को लेकर क्या थी दलील?

हाईकोर्ट में अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संथाल समुदाय की पारंपरिक प्रथा के अनुसार बेटियों को पिता की संपत्ति में उत्तराधिकार नहीं मिलता है। उनका तर्क था कि बेटी को संपत्ति का अधिकार तभी मिल सकता है, जब उसकी शादी घरजमाई प्रथा के तहत हुई हो। इस प्रथा में बेटी का पति ससुराल में रहकर परिवार का हिस्सा बनता है और उसे दत्तक पुत्र के समान माना जाता है।

हाईकोर्ट ने प्रथा और समानता पर क्या कहा?

दोनों पक्षों के साथ एमिकस क्यूरी अधिवक्ता सुमीत गड़ोदिया की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने 23 नवंबर 2026 को फैसला सुनाया। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि किसी प्रथा को सामान्य कानून से अलग मान्यता दिलाने का दावा करने वाले पक्ष को उसके अस्तित्व का ठोस प्रमाण देना होगा।

इसके लिए यह साबित करना जरूरी है कि संबंधित प्रथा प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और लंबे समय से लगातार प्रचलित रही है। अदालत के मुताबिक, इस मामले में अपीलकर्ता घरजमाई प्रथा के आधार पर बेटियों को संपत्ति से वंचित करने वाली किसी अनिवार्य परंपरा को प्रमाणित नहीं कर सके।

खंडपीठ ने यह भी माना कि सामाजिक जागरूकता और समय के साथ संथाल समुदाय की प्रथाओं में बदलाव आया है। ऐसे में स्पष्ट कानूनी प्रतिबंध या प्रमाणित परंपरा के अभाव में बेटियों के साथ संपत्ति के मामले में भेदभाव करना संवैधानिक नैतिकता और लोक नीति के अनुरूप नहीं है।

संथाल महिलाओं के अधिकार पर पुराने फैसलों का भी जिक्र

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की एकल पीठ के दो पुराने फैसलों- करन मुर्मू बनाम संथाल परगना आयुक्त और नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू के बीच मौजूद विरोधाभास पर भी विचार किया गया।

खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि नारायण सोरेन मामले में दिया गया निर्णय सुप्रीम कोर्ट के चर्चित मधु किश्वर फैसले और संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप है। इसलिए संथाल महिलाओं के उत्तराधिकार अधिकार से जुड़े मामलों में इसी फैसले में निर्धारित सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अंततः हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर दी और बेटी के पक्ष में प्रथम अपीलीय अदालत द्वारा दिए गए फैसले को बरकरार रखा। इस निर्णय को संथाल समुदाय की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share.
Next Story
कोरबा में हाथी का तांडव, ट्रैक्टर पर किया हमला
Exit mobile version