दुमका। शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर गांव में प्रस्तावित कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर हुए हंगामे के बाद एक नया मामला सामने आया है। सिनर्जी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जनरल मैनेजर सागर सिंह मीणा का निजी चालक अखिलेश कुमार पाल लापता है। घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह कहां गया और किन परिस्थितियों में लापता हुआ।
दरअसल, रविवार देर रात प्रस्तावित कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर ग्रामीणों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच विवाद बढ़ गया था। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी के GM सागर सिंह मीणा, अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर समेत सात लोगों को बंधक बना लिया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें मुक्त कराने के लिए गांव पहुंची, लेकिन वहां हालात और बिगड़ गए।
पुलिस टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों की ओर से पथराव शुरू हो गया। इस घटना में करीब एक दर्जन पुलिस जवानों के साथ कंपनी के GM भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
इसी घटनाक्रम के बाद कंपनी के GM के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल के लापता होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसकी तलाश के साथ-साथ उसके लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
