Tuesday, November 24

कहा- 25-26 नवंबर के सत्र में पारित हो प्रस्ताव, आदिवासी समाज के राजनीतिक अस्तित्व से जुड़ा है मामला

रांची। झारखंड में परिसीमन के संभावित असर को लेकर एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने लगा है। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि 25 और 26 नवंबर को आहूत विधानसभा के विशेष सत्र में परिसीमन के मुद्दे पर एक स्पष्ट प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाये। उन्होंने आशंका जतायी है कि परिसीमन की प्रक्रिया लागू होने से राज्य के मूलवासियों और खासकर आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

केवल सीमाओं का निर्धारण नहीं, अधिकारों की सुरक्षा का सवालः

श्री तिर्की ने इस मुद्दे की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि परिसीमन को महज लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाओं के पुनर्निर्धारण तक सीमित रखकर नहीं देखा जा सकता। यह सीधे तौर पर आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों और उनके राजनीतिक वजूद की रक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में इसके दूरगामी परिणामों पर गंभीर मंथन आवश्यक है। राज्य सरकार को चाहिए कि वह विधानसभा के पटल से राज्य की चिंताओं को केंद्र तक मजबूती से पहुंचाये।

2007 के पुराने प्रस्ताव का हवाला देकर जतायी चिंताः

अपनी आशंकाओं को बल देते हुए पूर्व मंत्री ने वर्ष 2007 की परिसीमन प्रक्रिया का जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि उस दौर में झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों को 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव सामने आया था। इतना ही नहीं, लोकसभा की एसटी आरक्षित सीटों की संख्या भी पांच से घटाकर चार करने की बात उठी थी। श्री तिर्की ने कहा कि इस तरह के पूर्व अनुभव आदिवासी समाज के भीतर गहरी चिंता पैदा करते हैं।

महाजुटान से लेकर केंद्रीय कानून मंत्री तक पहुंच चुकी है बातः

बंधु तिर्की ने बताया कि समाज इस मुद्दे को लेकर लगातार मुखर रहा है। बीते 30 अगस्त को आयोजित ‘आदिवासी एकता महाजुटान’ रैली में जुटी लाखों की भीड़ ने भी परिसीमन को लेकर अपनी चिंताएं पुरजोर तरीके से रखी थीं। इसके बाद इस दिशा में पहल को आगे बढ़ाते हुए 27 अक्तूबर को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को एक विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपी गयी थी, जिसमें आदिवासी प्रतिनिधित्व से जुड़े तमाम पहलुओं से अवगत कराया गया था। अब राज्य सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा है।

Share.
Next Story
सरैयाहाट में कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे टाटा मोटर्स के ईडीपी
Exit mobile version