-बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई, जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल उड़ाने की बात स्वीकारी
साहिबगंज। रेल यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बड़हरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो से पकड़ा गया। उनके पास से चोरी के तीन सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। बरामद मोबाइल की कुल कीमत 65 हजार 99 रुपये बतायी गयी है। पूछताछ में दोनों ने ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में रेलवे परिसर और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बड़हरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिये। संदेह होने पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुए।
जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर में की थी चोरी
पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के बाबलू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई। आरपीएफ के अनुसार, दोनों ने जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की। पूछताछ में बाबलू कुमार ने दो मोबाइल और आदित्य कुमार ने एक मोबाइल चोरी करने की बात बतायी।
जीआरपी को सौंपे गये दोनों आरोपी
कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन के साथ जीआरपी बड़हरवा को सौंप दिया। मामले में कांड संख्या 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5)/3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जीआरपी मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
