Tuesday, November 24

क्रिसमस की तैयारी में जुटे ईसाई समुदाय के लोग, चार सप्ताह तक विशेष आराधना के साथ होंगे कैरोल सिंगिंग और क्रिसमस गैदरिंग के आयोजन

रांची। क्रिसमस के स्वागत और प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की आध्यात्मिक तैयारी का समय आगमन काल (एडवेंट) 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही राजधानी रांची में क्रिसमस की रौनक बढ़ने लगेगी। चर्चों में विशेष आराधना, आध्यात्मिक साधना, कैरोल सिंगिंग और क्रिसमस गैदरिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगमन काल क्रिसमस से पहले के चार सप्ताह का होता है। इस दौरान विश्वासी प्रार्थना और आत्मचिंतन के माध्यम से खुद को प्रभु यीशु के जन्मपर्व के लिए तैयार करते हैं। आगमन शब्द लैटिन भाषा के ‘एडवेंटस’ से बना है, जिसका अर्थ आगमन होता है। यह समय यीशु के जन्म से जुड़ी भविष्यवाणियों के पूरा होने की खुशी मनाने के साथ उनके दूसरे आगमन की प्रतीक्षा और तैयारी का भी प्रतीक है।

चार सप्ताह, चार संदेश और अलग-अलग रंग की मोमबत्तियां

होली एंजेल्स चर्च, खोरहाटोली के पल्ली पुरोहित फादर आनंद सुरीन के अनुसार, आगमन काल के चारों सप्ताह अलग-अलग संदेश देते हैं। पहला सप्ताह आशा, दूसरा शांति, तीसरा आनंद और चौथा प्रेम का प्रतीक है। इन चारों सप्ताहों में विशेष आराधना के दौरान अलग-अलग रंगों की मोमबत्तियां जलाई जाती हैं।

पहले और दूसरे सप्ताह में बैंगनी रंग की मोमबत्ती जलाई जाती है। तीसरे सप्ताह आनंद के प्रतीक के रूप में गुलाबी मोमबत्ती का उपयोग होता है, जबकि चौथे सप्ताह में बैंगनी या नीले रंग की मोमबत्ती जलाई जाती है। 24 दिसंबर को क्रिसमस की विशेष आराधना में इन मोमबत्तियों के बीच सफेद मोमबत्ती प्रज्वलित की जाती है, जो प्रभु यीशु का प्रतीक है।

जीइएल चर्च के रेव्ह एचके बाबा ने बताया कि यीशु का आगमन मानवता के लिए आशा, शांति, आनंद और प्रेम का संदेश लेकर आता है। आगमन काल उनके दूसरे आगमन की आध्यात्मिक तैयारी का अवसर भी है।

दिसंबर में होंगे कई बड़े क्रिसमस आयोजन

आगमन काल शुरू होते ही राजधानी के विभिन्न मोहल्लों और चर्चों में कैरोल सिंगिंग और क्रिसमस गैदरिंग की शुरुआत हो जाएगी। इस दौरान आध्यात्मिक रिट्रीट और सामूहिक प्रार्थना सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। जीइएल चर्च सीआरसी की क्रिसमस गैदरिंग छह दिसंबर को गोस्नर मिडिल स्कूल मैदान में होगी। वहीं, झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन की ओर से 10 दिसंबर को क्रिसमस कार्निवाल आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ऑल चर्चेज कमेटी के तत्वावधान में 12 दिसंबर को क्रिसमस उत्सव यात्रा निकाली जाएगी। इन आयोजनों के माध्यम से शहर में क्रिसमस का उत्साह और सामुदायिक एकजुटता का संदेश देखने को मिलेगा।

Share.
Next Story
25 देशों की साइकिल यात्रा कर गांव लौटे अक्षय भगत, अफ्रीका के रेगिस्तान और पहाड़ों को भी नाप
Exit mobile version