-तीन दिनों तक पलाश और शौर्य ऑडिटोरियम में दिखाई जायेंगी देश-विदेश की करीब 50 फिल्में, 700 से अधिक प्रविष्टियों में हुआ फिल्मों का चयन
रांची। जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण की चुनौतियों को अब सिनेमा के पर्दे पर देखने और समझने का अवसर मिलेगा। झारखंड में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 से 30 नवंबर तक ‘अरण्यक-26’ (झारखंड वन फिल्म महोत्सव) का आयोजन किया जायेगा। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश की पर्यावरण आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा।
महोत्सव का आयोजन रांची के डोरंडा स्थित वन परिसर के पलाश ऑडिटोरियम और जैप के शौर्य ऑडिटोरियम में होगा। पीसीसीएफ संजीव कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से जंगल, वन्यजीव, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन और प्रकृति पर निर्भर समुदायों के जीवन से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाना है। फिल्म प्रदर्शन के अलावा प्रतियोगिताएं, विशेष स्क्रीनिंग और फिल्मकारों व विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।
700 से अधिक प्रविष्टियां, करीब 50 फिल्मों का होगा प्रदर्शन
महोत्सव के पहले संस्करण को लेकर फिल्मकारों में खासा उत्साह देखने को मिला है। आयोजन के लिए 700 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। इनमें से चयनित करीब 50 फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा। फिल्मों को भारतीय प्रतियोगिता, भारतीय चयनित फिल्म प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रदर्शन जैसी श्रेणियों में बांटा गया है।
अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में पोलैंड, तुर्की, ग्रीस, ताइवान, अजरबैजान, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों की फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों के जरिये दर्शकों को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों और चुनौतियों को समझने का मौका मिलेगा।
फिल्मकारों और पर्यावरण विशेषज्ञों के बीच होगा संवाद
महोत्सव में फिल्मकारों, पर्यावरणविदों, वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों की भागीदारी होगी। फिल्मों के माध्यम से प्रकृति और मानव जीवन के आपसी संबंधों को समझने के साथ पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता को मजबूत करना भी है। साथ ही, पर्यावरण विषयों पर काम करने वाले फिल्मकारों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया जायेगा।
