Tuesday, November 24

पश्चिमी सिंहभूम के तांतनगर प्रखंड के दो आदिवासी फुटबॉल खिलाड़ियों को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका, 17 से 23 जनवरी तक मेक्सिको में होगा टूर्नामेंट।

चाईबासा। झारखंड के छोटे-छोटे गांवों से निकलकर अब यहां की खेल प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तांतनगर प्रखंड के बनफुल तुबिड और सचिन रमेश करुआ का चयन होमलेस वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

19 वर्षीय बनफुल तुबिड भारतीय महिला टीम की ओर से खेलेंगी, जबकि 21 वर्षीय सचिन रमेश करुआ इंडिया बॉयज टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी मेक्सिको में 17 से 23 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भारत की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे।

बनफुल पश्चिमी सिंहभूम के खेड़ियाटांगर और सचिन कांडेगुटु गांव के रहने वाले हैं। दोनों खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में एकजुट संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्था के समन्वयक चंबरा सुंडी के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित फुटबॉल और अन्य खेल प्रतियोगिताओं के जरिए इन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। स्लम सॉकर के सहयोग से भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिला।

खास बात यह है कि पश्चिमी सिंहभूम के आदिवासी फुटबॉल खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले 2024 में गुमान गुंदुवा और संजय पूर्ति ने दक्षिण कोरिया के सियोल में, जबकि 2025 में कमलता बिरुली और पारसी हेंब्रम ने नॉर्वे के ओस्लो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

अब बनफुल और सचिन के चयन से जिले में खुशी का माहौल है। उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी मेक्सिको में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।

 

Share.
Next Story
जंगल से जलवायु परिवर्तन तक की कहानी कहेंगी फिल्में, 28 से सजेगा अरण्यक-26
Exit mobile version