-फसल बीमा दावों की निगरानी के लिए हर जिले में बनेगा विशेष डैशबोर्ड, शिकायत व आवेदन के लिए जारी होंगे 5-5 व्हाट्सएप नंबर
रांची। ‘अकवान’ तूफान से राज्य के किसानों की फसलों को हुए नुकसान और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत मुआवजा भुगतान की स्थिति को लेकर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कृषि विभाग के निदेशक, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, बीमा कंपनियों के अधिकारी तथा सभी जिलों के कृषि एवं सहकारिता पदाधिकारी शामिल हुए। कृषि मंत्री ने अधिकारियों और बीमा कंपनियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित एक भी किसान बीमा के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
हर जिले में बनेगा डैशबोर्ड, कार्यालयों के चक्कर नहीं काटेंगे किसानः
शिल्पी नेहा तिर्की ने स्पष्ट किया कि मुआवजा भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही, अनावश्यक कागजी प्रक्रिया या तकनीकी बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए हर जिले में बीमा दावों की निगरानी हेतु एक विशेष डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा। इसका एक्सेस कृषि विभाग, निदेशालय, बैंकों और बीमा कंपनियों के पास रहेगा, जिससे आवेदनों की स्थिति पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। साथ ही, किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में जिला कृषि पदाधिकारी और बीमा कंपनियों की ओर से 5-5 व्हाट्सएप नंबर जारी किए जाएंगे, जहां किसान सीधे अपनी फसल क्षति की सूचना व आवेदन भेज सकेंगे।
72 घंटे के भीतर 14447 पर दें नुकसान की सूचनाः
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि स्थानीय आपदा या फसल कटाई के बाद नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से सूचना दें। सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर बीमा कंपनी की टीम नुकसान के आकलन के लिए खेतों का दौरा करेगी। उन्होंने अधिकारियों को जिलावार हुई बारिश और फसल क्षति की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया। मौसम केंद्र से चक्रवात के दौरान हुई बारिश की वास्तविक रिपोर्ट कल तक विभाग को प्राप्त हो जाएगी।
गैर-बीमित किसानों को आपदा प्रबंधन विभाग से मिलेगी राहतः
मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 13 लाख किसानों ने फसल बीमा के तहत पंजीकरण कराया है। उन्होंने उल्लेख किया कि झारखंड देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों के हिस्से का प्रीमियम भी राज्य सरकार भरती है। इसके अलावा, जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, उन्हें भी निराश होने की जरूरत नहीं है, ऐसे प्रभावित किसानों को आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
