-खेलगांव की बदहाली पर जताई चिंता, बोले- राज्य सरकार से चल रही बात, जल्द सुधरेंगे हालात
रांची। भारत वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। इसके साथ ही देश में पहली बार ओलंपिक खेलों के आयोजन को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इन बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए खिलाड़ियों को तराशने के उद्देश्य से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया सोमवार को रांची पहुंचे। उन्होंने मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया और उनका उत्साहवर्धन किया।
खिलाड़ियों से पदक जीतने का आह्वानः
संवाद के दौरान डॉ. मांडविया ने कहा कि आने वाले समय में भारतीय खेलों के लिए सुनहरे अवसर हैं। कॉमनवेल्थ और ओलंपिक में भारतीय एथलीटों की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण के साथ अभ्यास करने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही, आम जनता से भी इन महाआयोजनों की तैयारियों में भागीदारी निभाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री से सीधे संवाद कर खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने अपनी कमियों को दूर कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का भरोसा दिलाया।
खेलगांव की बदहाली और जेएसएसपीएस पर उठे सवालः
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने रांची के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (खेलगांव) की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर खेल मंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और सुधार के लिए राज्य सरकार से बातचीत जारी है।
जेएसएसपीएस की कार्यप्रणाली लंबे समय से सवालों के घेरे में हैः
गौरतलब है कि खेलगांव के संचालन को लेकर सीसीएल और झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) की कार्यप्रणाली लंबे समय से सवालों के घेरे में है। परिसर में टूटे फर्श, जंग लगे ढांचे, और बदहाल शूटिंग रेंज व स्विमिंग पूल के साथ-साथ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और 15 खेल अकादमियों की योजना भी अधूरी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी निरीक्षण के दौरान इस पर नाराजगी जता चुके हैं और राज्य सरकार सीसीएल से संचालन की जिम्मेदारी वापस लेने की तैयारी में है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर खेलगांव की तस्वीर कितनी जल्दी बदलती हैं।
