सुबह 7:02 बजे महसूस हुआ कंपन, नेपाल रहा भूकंप का केंद्र, रिक्टर स्केल पर 5.3 रही तीव्रता, फिलहाल बड़े नुकसान की सूचना नहीं
पटना/रांची। बिहार और झारखंड के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किये गये। सुबह करीब 7:02 बजे अचानक धरती में कंपन होने से लोगों में दहशत फैल गयी। कई लोग नींद से जागकर अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकल आये। सुबह-सुबह भूकंप के झटके महसूस होने से कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल में बताया गया है। उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गयी। हालांकि, भूकंप की गहराई को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर सामने आया है।
कई इलाकों में महसूस हुआ कंपन
सुबह के समय अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गये। खासकर अपार्टमेंट और बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले लोगों ने कंपन महसूस होने के बाद बाहर निकलना सुरक्षित समझा। कई जगहों पर लोग एक-दूसरे से भूकंप के झटकों की जानकारी लेते दिखे। फिलहाल बिहार और झारखंड में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
