Tuesday, November 24
-केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल जल्द ही इस औपचारिक गठबंधन की घोषणा करेंगे

चंडीगढ़/नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच 6 साल पुरानी दूरी खत्म होने जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दोनों दलों ने एक बार फिर गठबंधन करने का फैसला किया है। राजनीतिक हलकों से मिल रही जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल जल्द ही इस औपचारिक गठबंधन की घोषणा करेंगे।

पर्दे के पीछे जारी थी बातचीतः

दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले तक भाजपा के कई वरिष्ठ नेता राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का दावा कर रहे थे। इसके बावजूद, पर्दे के पीछे दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच संवाद जारी था। अमित शाह की सक्रियता बढ़ने के बाद यह बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इससे पहले साल 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दलों को साथ लाने की कोशिशें हुई थीं, लेकिन सीटों के बंटवारे और अन्य मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई थी।

अलग लड़ने पर दोनों दलों को हुआ था नुकसानः

पिछले दो बड़े चुनावों में अलग-अलग मैदान में उतरने का खामियाजा दोनों दलों को भुगतना पड़ा था। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल महज 3 सीटों पर सिमट गया था, जबकि भाजपा को सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अकाली दल को राज्य में केवल 1 सीट मिली और भाजपा का खाता भी नहीं खुल सका था।

क्यों टूटा था पुराना गठबंधन ?

 दोनों दलों के बीच दशकों पुराने रिश्ते में दरार जून 2020 में आई थी, जब केंद्र की मोदी सरकार तीन कृषि सुधार कानून लेकर आई थी। देशभर में हुए किसान आंदोलनों और पंजाब के किसानों के भारी दबाव के बीच अकाली दल ने इन कानूनों का विरोध किया। इसी क्रम में 17 सितंबर 2020 को अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और पार्टी एनडीए से अलग हो गई। हालांकि, नवंबर 2021 में केंद्र सरकार ने ये तीनों कानून वापस ले लिए थे।

कैसा रहा है साथ का इतिहास?

अकाली दल और भाजपा के गठबंधन का इतिहास काफी पुराना रहा है। साल 1996 में अकाली दल ने पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार को समर्थन दिया था। इसके बाद 1997 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने पहली बार मिलकर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में सरकार बनाई। बाद में 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में भी इस गठबंधन ने लगातार जीत हासिल की और प्रकाश सिंह बादल 10 साल तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। अब एक बार फिर दोनों दल अपनी पुरानी सियासी जमीन वापस पाने के लिए एक मंच पर आ रहे हैं।

Share.
Next Story
हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
Exit mobile version