Tuesday, November 24

जमशेदपुर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस मौके पर सोनारी गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गुरुवाणी और भजन-कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
नगर कीर्तन के शुभारंभ अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सोनारी गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका और सिख समुदाय के लोगों को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

इस दौरान सरयू राय ने गुरु नानक देव जी को महान संत बताते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि हुई है, तब-तब महान संतों का अवतरण हुआ है। गुरु नानक देव जी ने भी मानवता, समानता, सत्य और सेवा का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
उन्होंने सिख समुदाय की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा, “यदि सिख नहीं होते तो हिंदू भी नहीं होता।” उन्होंने सिख समुदाय को हिंदुत्व और भारतीय संस्कृति का रक्षक बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

सोनारी गुरुद्वारा से निकला नगर कीर्तन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए साकची गुरुद्वारा पहुंचेगा। रास्ते में कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए लंगर और पेयजल की व्यवस्था की गई है।
प्रकाश पर्व के मौके पर सिख समुदाय की सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना देखने को मिली। गुरु नानक देव जी के मानवता, समानता और निःस्वार्थ सेवा के संदेश के साथ पूरा शहर प्रकाश पर्व के रंग में रंगा नजर आया।

इसे भी पढ़ेः कोरबा में हाथी का तांडव, ट्रैक्टर पर किया हमला

Share.
Next Story
हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
Exit mobile version