Tuesday, November 24

व्हाट्सएप पर निजी बातचीत करने वाले यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक अहम चेतावनी जारी की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के इस्तेमाल में लापरवाही को लेकर आगाह किया है। यूनिट के मुताबिक, कुछ परिस्थितियों में WhatsApp Web के सक्रिय सेशन का गलत इस्तेमाल कर किसी दूसरे व्यक्ति को अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच मिल सकती है। ऐसी स्थिति में वह आपकी निजी चैट पढ़ने के साथ-साथ आपके नाम से दूसरों को मैसेज भी भेज सकता है।

कैसे खतरे में पड़ सकता है आपका व्हाट्सएप अकाउंट?

NCTAU के अनुसार, अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपके WhatsApp Web सेशन तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके अकाउंट का इस्तेमाल आपकी तरह कर सकता है। इससे निजी बातचीत, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट की जानकारी उसके हाथ लग सकती है। इतना ही नहीं, वह आपकी पहचान का इस्तेमाल कर परिचितों को मैसेज भेज सकता है।

साइबर अपराधी इसका फायदा उठाकर फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसी धोखाधड़ी कर सकते हैं। चूंकि मैसेज आपके ही अकाउंट से भेजा जाएगा, इसलिए सामने वाला व्यक्ति उस पर भरोसा कर सकता है। ऐसे में आपके संपर्क में मौजूद लोग भी ठगी का शिकार हो सकते हैं।

सार्वजनिक और ऑफिस के कंप्यूटर पर ज्यादा सावधानी जरूरी

साइबर यूनिट ने खास तौर पर उन कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है, जिनका उपयोग कई लोग करते हैं। इनमें ऑफिस के साझा कंप्यूटर, साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क और होटल के बिजनेस सेंटर शामिल हैं। किसी दूसरे व्यक्ति का कंप्यूटर इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

ऐसे सिस्टम पर लॉग-इन किया गया अकाउंट असुरक्षित हो सकता है। यूनिट ने सरकारी, वित्तीय और दूसरी गोपनीय जानकारियों के आदान-प्रदान के लिए भी कंप्यूटर पर WhatsApp Web के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। संगठनों को आधिकारिक और संवेदनशील काम के लिए इसका इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई है।

ब्राउजर बंद करना लॉग-आउट नहीं, इन बातों का रखें ध्यान

WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। इससे अकाउंट का सेशन खत्म होना जरूरी नहीं है। इसलिए काम पूरा होते ही खुद लॉग-आउट करना चाहिए। साइबर यूनिट ने कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।

  • हर बार लॉग-आउट करें: WhatsApp Web पर काम खत्म होने के बाद अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉग-आउट करें। केवल ब्राउजर बंद करने पर निर्भर न रहें।
  • प्राइवेट मोड का इस्तेमाल करें: जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद कंप्यूटर पर इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में WhatsApp Web खोलें। इसके बावजूद काम पूरा होने पर लॉग-आउट जरूर करें।
  • सार्वजनिक कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफे, होटल या ऐसे किसी सिस्टम पर अपना अकाउंट लॉग-इन न करें, जिसका इस्तेमाल दूसरे लोग भी करते हों।
  • डिवाइस अपडेट रखें: कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक किए गए सॉफ्टवेयर से दूरी बनाएं।
  • सेशन खुला न छोड़ें: खासकर ऑफिस या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web को लॉग-इन छोड़कर न जाएं।

अकाउंट से अपने आप मैसेज जाए तो तुरंत सतर्क हो जाएं

अगर आपके व्हाट्सएप अकाउंट से ऐसा कोई मैसेज भेजा जाता है, जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है, या आपके परिचित किसी असामान्य मैसेज को लेकर आपसे सवाल करते हैं, तो इसे गंभीरता से लें। यह अकाउंट के गलत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है। ऐसी गतिविधियों को नजरअंदाज करने के बजाय अपने अकाउंट की सुरक्षा जांचें और अनधिकृत सेशन को बंद करें।

साइबर यूनिट की चेतावनी का साफ संदेश है कि WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय छोटी-सी लापरवाही भी निजी बातचीत और डिजिटल पहचान को जोखिम में डाल सकती है। प्राइवेट ब्राउजिंग मोड अतिरिक्त सावधानी जरूर है, लेकिन यह पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं देता। इसलिए सुरक्षित डिवाइस का इस्तेमाल और हर बार सही तरीके से लॉग-आउट करना बेहद जरूरी है।

Share.
Next Story
चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण का रास्ता साफ, 897.56 करोड़ रुपये से बदलेगी रेल परिचालन की तस्वीर
Exit mobile version