Monday, November 23

-आदित्य साहू ने नुकसान का आकलन कर तत्काल मुआवजा देने की मांग की

-किसानों के हक की लड़ाई लड़ेगा किसान मोर्चाः बाबूलाल मरांडी

रांची। झारखंड में धान की उपज बेचने के बाद भी किसानों को भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सरकार को बारिश से हुए नुकसान का जमीनी आकलन कराकर प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देना चाहिए। यह मांग भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने की। वह रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित पंडित दीनदयाल सभागार में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय तथा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा और अमर कुमार बाउरी उपस्थित थे।

आदित्य साहू ने कहा कि राज्य के किसानों को अपनी मेहनत से उपजाई धान की फसल का भुगतान पाने के लिए भी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सरकार को उपज सौंपने के बाद भी भुगतान में देरी होना किसान हितों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। कृषि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के साथ किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसान देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं समझे और उनके हक-अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करे।

बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिये गये। सभी ने राज्य के प्रत्येक किसान तक पहुंचने और उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का संकल्प लिया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विक्रांत उपाध्याय और डॉ विनोद ठाकुर ने किया। इसमें अजय मुंडा, राजेश कुशवाहा, इंद्रजीत कुमार, सुबोध राय, प्रभात रंजन, विष्णु मंडल, सज्जन पंकज, मनोज तिवारी, उषा देवी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Next Story
2050 का सपना दिखाने से पहले 2026 के झारखंड का हिसाब दें हेमंत सोरेन : प्रतुल
Exit mobile version