Monday, November 23

मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में प्रशिक्षित युवक-युवतियों को मिले नियुक्ति पत्र, IIT मद्रास और TVS फाउंडेशन के साथ हुआ MoU; युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने पर जोर।

रांची: झारखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं के कौशल को निखारकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए राज्य में रोजगारपरक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास व्यावहारिक कौशल और हुनर होना भी जरूरी है। कौशल के दम पर युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि परिवार और समाज को भी आर्थिक रूप से मजबूत बना सकते हैं।

AI के दौर में डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में रोजगार की परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस प्लेसमेंट के जरिए आसानी से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब समय बदल चुका है। ऐसे में युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ नए कौशल में भी दक्ष बनना होगा।

उन्होंने एचईसी (HEC) का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी यह संस्थान देश के औद्योगिक विकास की आधारशिला माना जाता था। इसे मदर फैक्ट्री के नाम से भी जाना जाता था, लेकिन समय के साथ खुद को नहीं बदल पाने के कारण इसकी स्थिति प्रभावित हुई। सफलता के लिए बदलते समय और तकनीक के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।

IIT मद्रास और TVS फाउंडेशन के साथ हुआ समझौता

झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के उद्देश्य से प्रेझा फाउंडेशन ने IIT मद्रास और TVS फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में हुए इन समझौतों के तहत युवाओं को नई तकनीक और कौशल से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन समझौतों से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थानों को ऐसा मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे राज्य में संचालित उद्योगों और विकास कार्यों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल सकें।

पुरुषों को भी मिलेगा नर्सिंग प्रशिक्षण, टेक्सटाइल में बढ़ेंगे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में केवल महिलाओं के काम करने की धारणा को बदलने की जरूरत है। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों में पुरुष नर्स बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इसी तरह टेक्सटाइल इंडस्ट्री में भी अब पुरुषों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय में महिला और पुरुष के काम के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

15 युवाओं को सरकार अपने खर्च पर देगी पायलट ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को पायलट बनाने के लिए भी प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। इसके तहत चयनित 15 युवाओं को सरकार अपने खर्च पर कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग दिलाएगी। भविष्य में इस पहल के तहत एयर होस्टेस कोर्स को भी शामिल करने की योजना है।

इसके अलावा कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के रहने और भोजन की व्यवस्था सरकार की ओर से करने का निर्णय लिया गया है।

खनन और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने प्रेझा फाउंडेशन और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया कि झारखंड की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास का मॉडल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां कोयला खनन, गोल्ड माइनिंग, यूरेनियम माइनिंग, पावर जेनरेशन और स्टील इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है।

ऐसे में इन क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को अपने ही राज्य में रोजगार मिल सके और उन्हें काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।

देश-विदेश में काम कर रहे झारखंड के युवाओं से मुख्यमंत्री ने की बात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के अलावा देश और विदेश में काम कर रहे झारखंड के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की। उन्होंने दुबई में कार्यरत गुमला जिले के राजधन उरांव से उनके कार्य अनुभव की जानकारी ली। वहीं तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रहीं खूंटी जिले के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से भी संवाद किया। रोजगार और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे युवक-युवतियों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए दूसरे युवाओं को भी कौशल प्रशिक्षण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर भी सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार किया जा रहा है। इन विद्यालयों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ राज्य के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, प्रेझा फाउंडेशन के निदेशक कल्याण चक्रवर्ती सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
थाने के बगल में शराब दुकान से 6 लाख की शराब चोरी, 60 पेटियां लेकर फरार हुए नकाबपोश चोर
Exit mobile version