खलारी सीमेंट फैक्ट्री की जमीन पर कोयला साइडिंग चलाने और वहां से धड़ल्ले से कोयले की ढुलाई के आरोपों के बीच अब नदी की जमीन पर कब्जे का मामला भी सामने आया है। इंद्रराज भथुरिया और सुदेश केडिया सिंडीकेट का दुस्साहस देखिए कि कोयला कारोबार के लिए सोनाडुब्बी नदी पर पुल बनाकर अवैध तरीके से रास्ता तैयार कर लिया गया है। स्थानीय लोगों के द्वारा लगाए जा रहे इन आरोपों पर स्थानीय CO, BDO और प्रशासन ने ऐसी चुप्पी साधी कि खलारी के कई घर भारी बारिश में तबाह होने के कगार पर आ गए हैं। लेकिन, प्रशासन की इस निष्क्रियता के खिलाफ अब JMM ने मोर्चा खोल दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि सीएम हेमंत सोरेन की सरकार में JMM नेताओं का विरोध खलारी के पदाधिकारियों की नींद तोड़ पाता है या रुपयों के चढ़ावे से इसको भी दबा दिया जाएगा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा का हल्ला बोल…खलारी सीमेंट फैक्ट्री के संजय रूंगटा और एनके एरिया प्रबंधक पर गंभीर आरोप
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने खलारी सीमेंट फैक्ट्री की कोयला साइडिंग और उससे जुड़ी गतिविधियों का विरोध करते हुए सोनाडुब्बी नदी से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।जेएमएम के खलारी प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो ने खलारी के अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर नदी पर बने कथित अवैध पुल को ध्वस्त करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।आवेदन में सीधे तौर पर संजय रूंगटा, पिता राम स्वरूप रूंगटा और सीसीएल के एनके एरिया प्रबंधक का नाम लेते हुए आरोप लगाया गया है कि मौजा खलारी की सोनाडुब्बी नदी के खाता संख्या 29, प्लॉट संख्या 216 एवं 212 को अपनी जमीन बताकर पुल का निर्माण कराया गया है। इसी पुल से कोयले की ढुलाई किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। खलारी सीमेंट फैक्ट्री हालांकि संजय रुंगटा का है लेकिन यहां से ट्रासपोर्टिंग का काम सुदेश केडिया और अवधेश यादव के द्वारा किया जा रहा है। जो जानकारियों छन कर सामने आ रहीं हैं उसके अनुसार अब अवधेश को भी किनारा दिखा दिया गया है।
सोनाडुब्बी नदी पर किसके इशारे से बन गया अवैध पुल, अब बस्ती पर मंडरा रहा डूबने का खतरा
श्यामजी महतो का कहना है कि सोनाडुब्बी नदी पर आखिर किसके इशारे से अवैध पुल बना दिया गया है। पुल निर्माण के कारण सोनाडुब्बी नदी के पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। इसका असर मछुआरा धौड़ा के लोगों पर पड़ रहा है। बरसात के दिनों में नदी का पानी बस्ती में भर जाता है और घरों के डूबने की स्थिति पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगों के लिए यह महज कोयला ढुलाई का रास्ता नहीं, बल्कि उनके घरों और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है। जेएमएम अध्यक्ष ने अंचल अधिकारी से मांग की है कि संबंधित जमीन की जांच कराकर नदी पर हुए निर्माण को हटाया जाए। साथ ही संजय रूंगटा और सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में नदी की जमीन पर इस तरह का निर्माण दोबारा न हो। आवेदन की प्रतिलिपि रांची के डीसी को भी भेजी गई है। इसके साथ ऑनलाइन खतियान की छायाप्रति संलग्न की गई है।
इस निर्माण से नदी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित होने और मछुआरा धौड़ा की बस्ती में बरसात का पानी घुसने का खतरा पैदा होने की शिकायत है। जिस कोयला कारोबार को लेकर स्थानीय लोग पहले से प्रदूषण की मार झेल रहे हैं, अब उसी से जुड़े परिवहन के रास्ते को लेकर नदी और बस्ती की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी पहुंच गया है।
सीमेंट फैक्ट्री की जमीन से नदी तक फैला कोयला कारोबार का विवाद
दरअसल, खलारी सीमेंट फैक्ट्री परिसर में कोयला साइडिंग के संचालन को लेकर पहले से ही कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस कारोबार को सुदेश केडिया और अवधेश यादव से जोड़ा जाता रहा है। गोदावरी कंपनी के इंद्रराज भथुरिया के साथ कारोबारी नजदीकी संबंधों की चर्चा भी होती रही है। अब सोनाडुब्बी नदी पर पुल निर्माण और उसके जरिए कोयला ढुलाई के आरोप ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
सवाल यह है कि सीमेंट फैक्ट्री परिसर में कोयला साइडिंग के संचालन से लेकर नदी पर पुल निर्माण तक की पूरी व्यवस्था आखिर किसकी अनुमति से चल रही है? क्या नदी की जमीन पर पुल बनाने के लिए संबंधित विभागों से स्वीकृति ली गई थी? क्या सीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी थी? जेएमएम के आवेदन में उठाए गए सवालों के बाद इन बिंदुओं पर जांच जरूरी हो गई है।
पहले कोयले की धूल, अब नदी के पानी से घरों पर आफत
खलारी में कोयला परिवहन से होने वाला प्रदूषण पहले भी बड़ा मुद्दा रहा है। 24 जून 2019 को राज्यसभा में सांसद समीर उरांव ने खलारी में खुले वाहनों से कोयला ढुलाई और ओवरलोडिंग के कारण फैलने वाले प्रदूषण का मामला उठाया था। तब केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने खलारी क्षेत्र की रेलवे साइडिंग में धूल नियंत्रण के लिए 114 स्थायी स्प्रिंकलर और 16 पानी के टैंकर संचालित होने की जानकारी दी थी। मंत्रालय ने कुछ मॉनिटरिंग केंद्रों पर पार्टिकुलेट मैटर का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने की बात भी स्वीकार की थी।
अब कोयले की धूल से परेशान लोगों के सामने नदी पर कथित अतिक्रमण और जलजमाव का नया संकट खड़ा हो गया है। एक ओर कोयले की ढुलाई जारी रहने के आरोप हैं, दूसरी ओर नदी के रास्ते में निर्माण से बस्ती के अस्तित्व पर खतरे की शिकायत सामने आई है। ऐसे में यह जांचना जरूरी है कि पुल निर्माण से वास्तव में नदी के बहाव पर कितना असर पड़ा है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
अंचल अधिकारी और सीसीएल प्रबंधन से जवाब का इंतजार
जेएमएम की शिकायत के बाद अब खलारी अंचल प्रशासन की भूमिका अहम हो गई है। प्रशासन को खाता संख्या 29 के प्लॉट संख्या 216 और 212 के राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर मौके पर जमीन की मापी करानी चाहिए। साथ ही पुल निर्माण की अनुमति, नदी की जमीन की स्थिति और कोयला परिवहन में उसके इस्तेमाल की जांच होनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कोयला कारोबार के लिए नदी की जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है? क्या पुल निर्माण से मछुआरा धौड़ा के घरों में पानी घुसने की समस्या बढ़ रही है? और अगर जेएमएम की शिकायत सही पाई जाती है तो अब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? खलारी में सीमेंट फैक्ट्री की कोयला साइडिंग से शुरू हुआ विवाद अब नदी, पर्यावरण और हजारों लोगों की सुरक्षा तक पहुंच गया है। प्रशासन की जांच और कार्रवाई से ही इस पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।
