रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने शनिवार को आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात की और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

आदित्य साहू सबसे पहले रांची के सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती छात्र नेता राहुल क्रांति से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से भी राहुल क्रांति की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने आमरण अनशन पर बैठे छात्र-छात्राओं और धरना दे रहे अन्य विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों को सुना और आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
‘सरकार की नीयत साफ है तो CBI जांच से क्यों डर?’
छात्रों को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि JPSC और JSSC से जुड़े मामलों में गंभीर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार वार्ता और आश्वासन के जरिए मामले को टालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ है तो उसे पूरे मामले की CBI जांच की अनुशंसा करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। आदित्य साहू ने JPSC-JSSC की 2019 से 2026 तक आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग भी उठाई।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग केवल आश्वासन की नहीं, बल्कि ऐसी जांच की है जिस पर उन्हें भरोसा हो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केवल बातचीत से मामला खत्म नहीं होगा और सरकार को अब ठोस कदम उठाने चाहिए।
रिजल्ट में कथित विसंगतियों पर उठाए सवाल
आदित्य साहू ने परीक्षा परिणामों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई परीक्षाओं के परिणाम अलग-अलग चरणों में जारी किए जा रहे हैं, जिससे छात्रों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छात्रों के बीच यह सवाल है कि 152 अंक पाने वाले अभ्यर्थी को जॉइनिंग मिल रही है, जबकि 172 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को जॉइनिंग नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से ऐसी कथित विसंगतियों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
‘CID जांच पर छात्रों को भरोसा कैसे होगा?’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा CID जांच को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब सरकार पर ही गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, ऐसे में सरकार के प्रभाव के दायरे में आने वाली एजेंसी से जांच कराने पर छात्रों का भरोसा कैसे कायम होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग ऐसी स्वतंत्र जांच की है, जिस पर पूरे राज्य को विश्वास हो। आदित्य साहू ने सवाल किया कि अगर सरकार की नीयत साफ है तो वह CBI जांच की अनुशंसा करने से क्यों पीछे हट रही है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों की आवाज को दबाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी युवाओं के हित को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें झारखंड आकर आंदोलनरत छात्रों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी CBI जांच की मांग का समर्थन करना चाहिए।
‘पैसे के लेन-देन के आरोपों की भी हो जांच’
आदित्य साहू ने कहा कि परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद पैसे के लेन-देन और बिचौलियों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि किसी के पास ऐसे आरोपों से जुड़े प्रमाण हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को आरोपों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
10 अगस्त के विधानसभा घेराव को लेकर दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि पूरे राज्य से युवा और छात्र रांची पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल कुछ छात्रों का आंदोलन नहीं है, बल्कि युवाओं के रोजगार, अधिकार और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। सरकार को आंदोलन को कमजोर करने के बजाय छात्रों की मांगों पर सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।
आदित्य साहू ने कहा कि अब समय केवल आश्वासन देने का नहीं, बल्कि कार्रवाई करने का है। उन्होंने सरकार से CBI जांच की अनुशंसा करने, परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का विरोध
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ABVP कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को भी बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत क्यों नहीं की। आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों और युवाओं के आंदोलन को दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में भानु प्रताप शाही, गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रतुल शाहदेव, अशोक बड़ाईक, अमित मंडल, संदीप वर्मा, आरती कुजूर, मृत्युंजय शर्मा, सतीश सिन्हा, नीरज सिंह, राहुल अवस्थी, रजनीश पांडेय, शशांक राज, वरुण साहू और रोमित नारायण सिंह समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – JPSC-JSSC विवाद: सरकार-छात्र वार्ता बेनतीजा, भूख हड़ताल जारी



