Tuesday, October 13

रांची: विधानसभा घेराव के लिए रांची पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई की। धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर मौके से हटाया गया।

दरअसल, पिछले दिन JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ABVP ने मंगलवार को विधानसभा मार्च का आह्वान किया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता रांची पहुंचे।

पुरानी विधानसभा के पास पुलिस ने रोका

प्रदर्शनकारी पुरानी विधानसभा के पास से नए विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। मौके पर बैरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग के पास रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

सड़क पर बैठकर करने लगे नारेबाजी

पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद कई ABVP कार्यकर्ता वहीं सड़क पर बैठ गए और सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है।

 

कार्यकर्ताओं ने पिछले दिन छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग दोहराई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को समझाने और आगे नहीं बढ़ने की अपील की गई।

हालांकि, प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर जाने की मांग पर डटे रहे। इसके बाद प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

बसों में बैठाकर किया गया डिटेन

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई ABVP कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों को बसों में ले जाकर मौके से हटाया गया।

फिलहाल पुरानी विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और पुलिस-प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विधानसभा घेराव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ABVP कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन पिछले दिन JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए छात्र आंदोलन और उस दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया था। संगठन की ओर से छात्रों की मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

इसे भी पढ़े – छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए रांची जिला प्रशासन ने चलाईं बसें

Share.
Next Story
नवल टाटा हॉकी चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में NTHA, रांची, खूंटी और सिमडेगा की एंट्री
Exit mobile version