9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में मुकाबला, भारी भीड़ की संभावना के बीच प्रशासन ने कसी कमर; हालांकि टिकट को लेकर अब तक तस्वीर साफ नहीं
रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मैच के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने की। इसमें सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

हालांकि मैच में अब बहुत कम दिन बाकी हैं, लेकिन टिकटों को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। क्रिकेट प्रेमियों के बीच टिकट की बिक्री कब और कहां से होगी, इसकी जानकारी का इंतजार बना हुआ है। ऐसे में मैच की तारीख नजदीक आने के साथ दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ रही है।
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में अधिकारियों ने मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। उपायुक्त ने स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मैच के दौरान ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं, ताकि दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने और मैच समाप्त होने के बाद वापस लौटने में परेशानी न हो। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बिना टिकट वालों को स्टेडियम के आसपास नहीं जुटने दिया जाएगा
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होगी। इससे पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। इसका उद्देश्य स्टेडियम के आसपास भीड़ को नियंत्रित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति से बचना है।
दर्शकों को निर्धारित गेटों से ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे एंट्री गेट खुलने से पहले ही स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। इससे प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित रहेगी और दर्शकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रतिबंधित सामान लेकर स्टेडियम नहीं पहुंचें दर्शक
प्रशासन ने दर्शकों से स्टेडियम में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर नहीं आने की अपील की है। सुरक्षा जांच के दौरान किसी भी प्रतिबंधित सामान के पाए जाने पर प्रवेश में परेशानी हो सकती है। ऐसे में दर्शकों को मैच के दिन प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर भी तैयारी
मैच के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है, ताकि किसी भी संभावित समस्या पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों और JSCA पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश
बैठक में जिला प्रशासन और जेएससीए के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण समेत जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर तैयारियों की रफ्तार बढ़ गई है, लेकिन टिकट की बिक्री और उपलब्धता को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आने से क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब टिकट घोषणा पर टिकी हुई है।


