छह गांवों में दहशत, घरों के साथ खेतों में लगी फसलें भी बर्बाद; रातभर पहरा दे रहे ग्रामीण।
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ओडिशा सीमा से सटे बिंजु पंचायत के आसपास के गांवों में करीब 45 हाथियों का झुंड ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
शनिवार की रात हाथियों के झुंड ने मेरालिकिर गांव में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान दो ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी घरों में रखे अनाज भी खा गए। एक मकान को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता से घर में मौजूद लोगों की जान बच गई।
हाथियों ने मेरालिकिर और लोरपोंडा गांव के खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले रुंघी और बिंजु गांव में भी किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं। लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
करीब 45 हाथियों के इस झुंड में चार बच्चे भी शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी से बिंजु, रुंघी, मेरालिकिर, लोरपोंडा, टुंगरीटोला और ढोढरोबारू समेत छह गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की रखवाली कर रहे हैं।
वन अधिकारियों के अनुसार, यह इलाका सारंडा और ओडिशा के जंगलों से पोड़ाहाट वन प्रमंडल तक हाथियों के आवागमन का पुराना कॉरिडोर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने और जान-माल की सुरक्षा के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल हाथियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं।


